ETV Bharat / state

मऊ में 7 साल की बच्ची ने DM से सड़क बनवाने की लगाई गुहार

खराब सड़क के चलते उसकी ड्रेस गंदी हो जाती है, जिससे उसे स्कूल में डांट सुननी पड़ती है

बच्ची ने डीएम से सड़क बनवाने की लगाई गुहार
बच्ची ने डीएम से सड़क बनवाने की लगाई गुहार (Photo Credit: ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team

Published : August 31, 2026 at 2:54 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

मऊ: जनपद के वार्ड संख्या 17 में सड़क की बदहाली की समस्या लेकर सात वर्षीय छात्रा समरा नाज सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंची. पहली कक्षा में पढ़ने वाली बच्ची ने जिलाधिकारी से खराब सड़क की मरम्मत कराने की गुहार लगाई. मासूम बच्ची की फरियाद ने अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.

समरा नाज़ ने सड़क के लिए डीएम से लगाई गुहार (VIDEO Credit: ETV Bharat)

समरा नाज़ ने बताया कि रास्ता बेहद खराब होने के कारण उसे स्कूल जाते समय काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. खराब सड़क के चलते कई बार उसे चोट लग जाती है और स्कूल ड्रेस भी गंदी हो जाती है, जिसके चलते उसे स्कूल में डांट सुननी पड़ती है.

जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बच्ची से बातचीत के दौरान पूछा कि वह स्कूल किस साधन से जाती है. इस पर समरा नाज़ ने बताया कि वह ऑटो से स्कूल जाती है, लेकिन सड़क खराब होने के कारण रास्ते में काफी परेशानी होती है. बच्ची ने डीएम से जल्द से जल्द सड़क ठीक कराने की अपील की.

बच्ची की बात जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने बेहद गंभीरता से सुनी. उन्होंने समरा नाज से उसकी समस्या के बारे में जानकारी ली और तत्काल कार्रवाई का भरोसा दिलाया. डीएम ने कहा कि बच्ची की शिकायत के आधार पर सड़क की स्थिति की जांच कराई जाएगी.

जिलाधिकारी आनंद वर्धन ने मीडिया को बताया कि सुबह एक सात वर्षीय बच्ची समरा नाज, जो कक्षा एक में पढ़ती है, सड़क निर्माण को लेकर फरियाद लेकर उनके पास आई थी. बच्ची वार्ड संख्या 17 की रहने वाली है और स्कूल जाने वाले रास्ते में करीब 25 मीटर का कच्चा एवं खराब मार्ग है, जिसकी मरम्मत की आवश्यकता है.

डीएम ने कहा कि संबंधित अधिकारियों के माध्यम से सड़क की स्थिति को तुरंत चेक कराया जाएगा. जांच के बाद जो भी आवश्यक समाधान होगा, उसे शीघ्रता से कराया जाएगा. यह क्षेत्र नगर पालिका के अंतर्गत आता है और समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

सात वर्षीय बच्ची की छोटी-सी फरियाद ने यह दिखा दिया कि बुनियादी सुविधाओं की जरूरत हर उम्र के व्यक्ति को होती है. समरा नाज़ की शिकायत के बाद प्रशासन ने सड़क की स्थिति की जांच और त्वरित समाधान का भरोसा दिया है. अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ बच्ची और उसके परिवार को भी सड़क के जल्द दुरुस्त होने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें: वाराणसी में रविदास पार्क के पास जलभराव; सीवर में उतरे सपा नेता, सरकार के खिलाफ नारेबाजी