दिल्ली के GTB अस्पताल से अगवा 7 महीने का मासूम 30 घंटे में बरामद, आरोपी महिला गिरफ्तार
नई दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस ने जीटीबी अस्पताल से अगवा बच्चा बरामद,पुलिस ने 45 वर्षीय महिला बॉबी उर्फ कंचन को गिरफ्तार

Published : June 3, 2026 at 4:14 PM IST
नई दिल्ली: नई दिल्ली के शाहदरा जिला पुलिस ने जीटीबी अस्पताल से अगवा किए गए छह माह के मासूम बच्चे को महज 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने 45 वर्षीय महिला बॉबी उर्फ कंचन को गिरफ्तार किया है, जो हत्या और अपहरण के एक पुराने मामले में उम्रकैद की सजा पा चुकी है और पैरोल अवधि समाप्त होने के बाद फरार चल रही थी.
31 मई को सीलमपुर की महिला ने दर्ज करायी शिकायत : पुलिस के अनुसार, 31 मई 2026 को सीलमपुर निवासी महिला ने जीटीबी एन्क्लेव थाने में शिकायत दी कि एक महिला कुछ दिन पहले उनके घर आई थी और खुद को बच्चों का टीकाकरण कराने में मदद करने वाली बताकर परिचय बनाया था. घटना वाले दिन वह महिला फिर उनके घर पहुंची और नजरीन को उनके छह माह के बेटे के साथ टीकाकरण के लिए जीटीबी अस्पताल ले गई.
आरोपी महिला ने बच्चे की मां का विश्वास जीता: अस्पताल के एमसीएच न्यू बिल्डिंग में पहुंचने के बाद आरोपी महिला ने बच्चे की मां का विश्वास जीत लिया और कुछ फॉर्म भरने के बहाने उन्हें व्यस्त कर दिया. इसी दौरान वह मासूम बच्चे को लेकर अस्पताल से फरार हो गई. शिकायत मिलते ही जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने तीन विशेष टीमें की गठित: मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन विशेष टीमें गठित कीं. पुलिस ने अस्पताल और मेट्रो स्टेशनों के सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी निगरानी की और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई. जांच के दौरान आरोपी की गतिविधियों का पता मेट्रो नेटवर्क और सीसीटीवी फुटेज के जरिए लगाया गया.
शिवाजी पार्क की झुग्गी से बच्चा बरामद : लगातार छापेमारी और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने शिवाजी पार्क क्षेत्र स्थित एक झुग्गी में दबिश देकर बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि नवंबर 2025 में उसने जुड़वां बच्चों को जन्म दिया था, लेकिन दोनों की बाद में मौत हो गई. उसने यह बात अपने पति और ससुराल पक्ष से छिपा रखी थी. जब परिवार की ओर से बच्चों को घर लाने का दबाव बढ़ा तो उसने सच्चाई छिपाने के लिए मासूम का अपहरण करने की साजिश रची और उसे अपना बच्चा बताकर परिवार के सामने पेश कर दिया.
संयुक्त पुलिस आयुक्त (ईस्टर्न रेंज) अजीत कुमार सिंगला ने दी जानकारी: संयुक्त पुलिस आयुक्त (ईस्टर्न रेंज) अजीत कुमार सिंगला ने बताया कि पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और विभिन्न टीमों के समन्वित प्रयासों से बच्चे को 30 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसकी मां से मिलाया गया. उन्होंने कहा कि मामले की आगे की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें :

