अलवर में बदमाशों ने युवक पर लाठी-डंडों से किया हमला, गंभीर हालत में इलाज जारी
कार वाश करवाने आए युवक पर 7-8 अज्ञात बदमाशों ने बरसाए लाठी-डंडे. घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है.

Published : February 27, 2026 at 1:10 PM IST
अलवर: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में अलकापुरी के पास कार वाशिंग की दुकान के बाहर 7 से 8 अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर हमला बोल दिया. बदमाशों ने युवक पर जमकर लाठी-डंडे बरसाए. इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. मारपीट के बाद बदमाश अधमरी हालत में युवक को सड़क पर छोड़कर फरार हो गए. घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल युवक को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया.
कोतवाली थाने के एएसआई इलियास खां ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर थाने से जाब्ता मौके पर पहुंचा और घायल को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया. उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट दी गई है, जिस पर अनुसंधान किया जा रहा है. सीसीटीवी की मदद से मारपीट करने वाले बदमाशों की पहचान की जा रही है. मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि कुछ बदमाश दुकान पर आकर युवक को गाड़ी से बाहर निकालते हैं और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर देते हैं.
इसे भी पढ़ें- बूंदी कोर्ट परिसर में दो पक्षों में हिंसक झड़प, जमकर चले लात-घूंसे और लाठियां
युवक को आई गंभीर चोटें: वहीं, पीड़ित के पिता रुस्तम ने बताया कि उनका पुत्र लियाकत अपनी गाड़ी को ठीक कराने के लिए अलकापुरी स्थित एक दुकान पर गया था. इस दौरान राहुल बाउंसर, मोनू मीणा सहित कई युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौच शुरू कर दी. लियाकत के विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी और हॉकी डंडों से मारपीट की. उन्होंने बताया कि मारपीट में लियाकत को गंभीर चोटें आईं हैं.
पिता ने लगाए ये आरोप: पिता रुस्तम ने आरोप लगाया कि बदमाश पीड़ित के गले से चांदी की चेन और जेब में रखे 13 हजार रुपये लूटकर ले गए. साथ ही राहुल बाउंसर व मोनू मीणा ने देशी कट्टा व पिस्टल दिखाकर रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी. उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद थाने में प्रकरण दर्ज कराया है.
इसे भी पढ़ें- जमीन विवाद में फायरिंग, युवक को लगी गोली, लाठी-डंडों से हमला कर 2 को किया घायल

