ETV Bharat / state

14 साल के रेस्लर ने बढ़ाया हिमाचल का नाम, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक

69वीं राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताएं छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित हुईं. इस प्रतियोगिता में हिमाचल के खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए.

स्कूल पहुंचने पर हुआ भव्य स्वाग्त
स्कूल पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 6, 2026 at 2:03 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बिलासपुर: 69वीं राष्ट्रीय अंडर-14 कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर लौटे बिलासपुर के होनहार पहलवान वीर सम्राट का स्कूल पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ. फूल मालाओं और बैंड के साथ स्कूली बच्चों और अध्यापकों ने उनका भव्य स्वागत किया. इस अवसर पर प्रधानाचार्य शशिपाल चौहान, एसएमसी प्रधान, विद्यालय स्टाफ और विद्यार्थियों ने उनका गर्मजोशी से अभिनंदन कर सम्मानित किया.

वीर सम्राट की इस उपलब्धि से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर सहित पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है. विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीर सम्राट का फूलमालाओं से स्वागत किया गया और उनकी उपलब्धि पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया. इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया. विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि वीर सम्राट ने अपनी मेहनत और लगन से न केवल अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे जिला बिलासपुर व हिमाचल प्रदेश को भी गौरवान्वित किया है.

प्रधानाचार्य ने बताया कि 69वीं राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताएं 30 जनवरी से 3 फरवरी तक दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित हुईं. इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और दो कांस्य पदक हासिल किए. चंबा जिले के वेंतिक राणा ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता, जबकि बिलासपुर के वीर सम्राट और ऊना जिले की वारिका ने कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया.

प्रधानाचार्य शशिपाल चौहान ने वीर सम्राट को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है. खेलों के माध्यम से विद्यार्थी अनुशासन, टीमवर्क और आत्मविश्वास सीखते हैं, जो जीवन में आगे बढ़ने के लिए बेहद जरूरी है. विद्यालय परिवार ने वीर सम्राट के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे.

ये भी पढ़ें: हिमाचल में 3 मार्च से बोर्ड एग्जाम, 1.84 लाख विद्यार्थी देंगे 10वीं-12वीं की परीक्षा, यहां जानिए हर एक अपडेट