बाड़मेर में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता कल से , 700 से ज्यादा खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बास्केटबॉल प्रतियोगिता कल से बाड़मेर में खेली जाएगी.

Published : January 1, 2026 at 11:06 AM IST
बाड़मेर : जिले में 2 से 6 जनवरी तक 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी बॉस्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा. प्रतियोगिता की तैयारियों की जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक देवाराम चौधरी ने समीक्षा करने के साथ ही उन्होंने अधिकारियों ने तैयारियों के संबंध में प्रभारियों से फीड बैक लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
डीओ ने की तैयारियों की समीक्षा : इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी देवाराम चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में हम सबकी बराबर की जिम्मेदारी है. ऐसे में विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे प्रभारियों और सदस्यों को तत्पर रहते हुए अपने कार्य करने होंगे. उन्होंने टीमों के स्वागत, उनके आवास, भोजन, बिजली-पानी की व्यवस्था, खेल मैदान और मैचों को आयोजन की व्यवस्थाओं की विषयवार समीक्षा की. उन्होंने सभी को सजग रहते हुए अपने दायित्वों के निवर्हन के निर्देश दिए.
इसे भी पढ़ें: खेलों का महाकुंभ: 80 हजार प्रतिभाओं ने सांसद खेल महोत्सव में बनाया नया इतिहास
नियंत्रण कक्ष स्थापित : अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी दीपाराम चौधरी ने कहा कि आयोजन की सफलता के लिए सभी को समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करना होगा. इसके लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई है. कार्मिक अपने कार्य से संबंधित लोगों से समन्वय करते हुए समय पर अपना कर्तव्य पूरा करने की बात कही.
देशभर से बाड़मेर पहुंचने लगी टीमें : इधर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और एसजीएफआई से संबंध टीमें बाड़मेर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है. बुधवार रात को तमिलनाडु, सीबीएसई, जम्मू-कश्मीर व छत्तीसगढ़ समेत कई टीमें बाड़मेर पहुंची. आज दिनभर टीमों के बाड़मेर पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा.
2 जनवरी को होगा प्रतियोगिता का आगाज : शुक्रवार को शहर के हाई स्कूल के फुटबॉल मैदान में प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह होगा, जो कि 6 जनवरी तक आयोजित की जाएगी. शिक्षा विभाग ने आयोजन की व्यवस्था की है, जिसमें बाहर से आने वाले खिलाड़ियों और कोचों के लिए ठहरने की उचित व्यवस्था शामिल है. यह प्रतियोगिता 19 वर्ष छात्र एवं छात्रा दोनों वर्गों में आयोजित होगी, जिसमें देशभर से विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और एसजीएफआई से संबंध 62 टीमें भाग लेंगी. प्रतियोगिता में कुल 723 खिलाड़ियों के साथ ही 150 के करीब मैनेजमेंट के सदस्य शामिल होंगे.

