ETV Bharat / state

हज यात्रा को लेकर हिमाचल में तैयारियां शुरू, 5 मार्च से मेडिकल और वैक्सीनेशन, समय रहते करा लें ये काम

इस साल हिमाचल प्रदेश से 67 हज यात्री सऊदी अरब जाने वाले हैं.

Haj Yatra 2026
हज यात्रा 2026 (@IANS)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 26, 2026 at 1:54 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हज यात्रा 2026 की तैयारियां शुरू हो गई है. इस बार हिमाचल से हज यात्रा पर 67 यात्री सऊदी अरब जा रहे हैं. हिमाचल से हज यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल, स्क्रीनिंग और वैक्सीनेशन का कार्यक्रम 5 मार्च से शुरू होने जा रहा है. इसको लेकर सचिवालय में हिमाचल प्रदेश हज समिति की एक महत्वपर्ण बैठक समिति के अध्यक्ष दिलदार अली बट्ट की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में वर्ष 2026 में हज यात्रा पर जाने वाले हिमाचल के हाजियों से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई.

इस बैठक में केंद्र सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रियाओं (SoP) की जानकारी दी गई, जिनका पालन हज यात्रियों की चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण के दौरान किया जाएगा. वहीं, बैठक दौरान समिति ने सर्वसम्मति से जिला-वार हाजियों की संख्या और मेडिकल स्क्रीनिंग एवं टीकाकरण का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया.

किस जिले के हाजियों का कहां होगा मेडिकल टेस्ट?

दिलदार अली बट्ट ने बताया कि, निर्धारित किए गए कार्यक्रम के अनुसार जिला सिरमौर के हाजियों जिनमें 2 कांगड़ा जिले से संबंध रखते हैं उनका मेडिकल और वैक्सीनेशन 5 मार्च को मिस्रवाला मरकज, पांवटा साहिब में होगा. जिला सोलन के हाजियों की चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण 6 मार्च को नालागढ़ मरकज में, जिला बिलासपुर के हाजियों की चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण 7 मार्च को जामा मस्जिद रौड़ा सेक्टर जिला बिलासपुर में निर्धारित किया गया है.

मंडी और कुल्लू के हाजियों की चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण 9 मार्च को जामा मस्जिद, भोजपुर (सुंदरनगर) में, जिला चंबा के हाजियों की चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण 10 मार्च को मदनी मदरसा, गांव मसवाड़ी, डाकघर पल्यूर में और जिला कांगड़ा के हाजियों की चिकित्सीय जांच एवं टीकाकरण 9 मार्च को मस्जिद, गांव गगवाल, डाकघर बसंतपुर, तहसील इंदौरा में होगा.

हज पर जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था

बैठक में अध्यक्ष की सिफारिश पर हाजी हुसैन अली (चंबा) एवं यूनुस परवेज भट्टी (पांवटा साहिब) को राज्य हज प्रशिक्षक नियुक्त करने का निर्णय भी लिया गया, जो हाजियों को प्रशिक्षण देने के साथ-साथ मेडिकल टीमों के सहयोग के लिए कार्य करेंगे. समिति ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और मिशन निदेशक, नेशनल हेल्थ मिशन को व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं. समिति के अध्यकक्ष दिलदार अली बट्ट ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश हज समिति हाजियों के लिए उचित व्यवस्थाओं और सुविधाओं के लिए वचनबद्ध है. उन्होंने कहा कि हज पर जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की समस्या नहीं आने दी जाएगी.

ये भी पढ़ें: 'देवभूमि को अपराधियों की शरणस्थली न बनाएं', दिल्ली पुलिस प्रकरण पर जयराम ने सरकार को घेरा

ये भी पढ़ें: कौन हैं IPS अदिति सिंह? जिन्हें बार-बार छुट्टी लेने पर DGP ने सिखाया सबक