चित्तौड़गढ़ में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई: बेगूं व भैंसरोड़गढ़ में 635 किलो डोडा के साथ अफीम एवं अवैध हथियार पकड़े
जिले में करीब दो किलो अफीम, 12 बोर के 8 तथा पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस पकड़े गए.

Published : August 30, 2026 at 3:02 PM IST
चित्तौड़गढ़: जिले में मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ दो जगह कार्रवाई की गई. बेगूं एवं डीएसटी ने संयुक्त रूप तो भैंसरोड़गढ़ थाना पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में 635 किलो डोडा-चूरा, करीब दो किलो अफीम, 12 बोर के 8 तथा पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस पकड़े गए हैं. भैंसरोड़गढ़ में हुई कार्रवाई में कार से 8 अलग-अलग नंबर की प्लेटें बरामद हुई. दोनों थानों पर प्रकरण दर्ज कर मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि बेगूं पुलिस एवं डीएसटी ने शनिवार रात एनएच-27 पर सरहद सुरतपुरा में नाकाबंदी की. तभी यहां आई कार को रुकवाने का प्रयास किया तो चालक गाड़ी को भगाने लगा. पुलिस ने स्टॉप स्टिक लगाकर कार रोकी, लेकिन चालक व साथी पुलिस कार छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने कार से 311 किलो 950 ग्राम डोडा-चूरा बरामद किया. पुलिस ने डोडा-चूरा सहित कार जब्त कर ली. बेगूं थाने पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर अनुसंधान शुरू किया. कार्रवाई में बेगूं थानाधिकारी चम्पाराम, हेड कांस्टेबल भगवान लाल, कांस्टेबल रमेश, कमलेश, मनोहर, रतनसिंह, एएसआई अजयपाल, रणवीर सिंह, कांस्टेबल बहादुर सिंह, छोटूसिंह, नारायण, महेश आदि शामिल थे.
पुलिस टीम को टक्कर मार भागी एसयूवी: एसपी यादव ने बताया कि भैंसरोड़गढ़ थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने श्रीपुरा से आगे पुलिया पर नाकाबंदी कर रखी थी. इसी दौरान पुलिस जाप्ते ने एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया. चालक जाप्ते को देख अपने वाहन को वापस धांगड़मऊ की तरफ मोड़ कर तेज गति से भगाने लगा. पुलिस ने पीछा किया एवं धांगड़मऊ चौकी को सूचना दी. चौकी टीम धांगड़मऊ की तरफ से श्रीपुरा रवाना हुई. सामने से आती एसयूवी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने सरकारी वाहन को टक्कर मार दी.

इससे दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए. इसके बाद एसयूवी चालक एवं उसका साथी अंधेरे का फायदा उठा कर जंगल में भाग गए. एसयूवी की तलाशी ली तो तो 324 किलो 420 ग्राम अवैध डोडा-चूरा, 1 किलो 920 ग्राम अवैध अफीम, 12 बोर के 8 जिंदा कारतूस, पिस्टल के 4 जिंदा कारतूस तथा 8 अलग-अलग नंबर प्लेटें मिली. पुलिस ने एनडीपीएस, आर्म्स, पीडीपीपी एक्ट की धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर प्रकरण दर्ज कर लिया. मौके पर सीआई कमलचंद मीणा, कांस्टेबल धर्मेन्द्र, भागीरथ, लक्ष्मण, ब्रजराज सोनूराम की टीम शामिल थी.

