6 साल में 6014 गौ तस्करी के मामले, मध्य प्रदेश विधानसभा में चौंकाने वाला खुलासा
विधायक के प्रश्न के जवाब में सामने आई जानकारी, गौ तस्करी और गौवंश से हादसों के भी सामने रखे आंकड़े.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 20, 2026 at 9:20 PM IST
|Updated : February 20, 2026 at 9:57 PM IST
भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में स्लॉटर हाउस मामले के बाद गायों की तस्करी से जुड़ा एक नया खुलासा हुआ है. कांग्रेस विधायक के सवाल के लिखित जवाब में मध्यप्रदेश विधानसभा में गायों की तस्करी के चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं. मध्यप्रदेश में गायों की जमकर तस्करी हो रही है. सरकार के जवाब से सामने आया है कि मध्यप्रदेश में पिछले 6 सालों में गायों की तस्करी के 6 हजार 014 मामले सामने आए हैं. 2 दिन पहले ही कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की अपील की थी.
प्रदेशभर में सामने आ रहे तस्करी के मामले
कांग्रेस विधायक महेश परमार ने नेशनल और स्टेट हाईवे पर गौवंश से होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली लोगों की मौतों और पिछले छह साल में दुर्घटनाओं और गौ तस्करी की जानकारी मांगी थी. इसका पशुपालन राज्यमंत्री ने लिखित जवाब दिया. इसमें बताया गया कि पिछले 6 सालों के दौरान गौवंश की वजह से 130 वाहन दुर्घटनाएं हुई हैं, इसमें 89 लोगों ने अपनी जान गंवाई हैं. उधर सरकार ने प्रदेश में गौवंश की तस्करी के भी आंकड़े बताए हैं. जवाब में बताया गया कि प्रदेश में छह साल के दौरान 6 हजार 014 गौतस्करी के मामले पंजीबद्ध किए गए.

मध्य प्रदेश में गौ तस्करी के यहां सबसे ज्यादा मामले
सबसे ज्यादा मामले सिवनी में 727 मामले पंजीबद्ध किए गए हैं. इसके अलावा खरगौर में 443, खंडवा में 250, बुरहानपुर में 237, बड़वानी में 370, बालाघाट में 304, उज्जैन में 260, मंदसौर में 247, छिंदवाड़ा में 313, बैतूल में 443, राजगढ़ में 119, दमोह में 132, सागर में 171 मामले गौवंश तस्करी के पंजीबद्ध किए गए.

जवाब में बताया गया कि प्रदेश में 6 लाख 96 हजार 111 गौवंश निराश्रित है, जिन्हें आसरा देने के लिए प्रदेश भर में 1 हजार गौशाला खोली गईं.
विधायक आतिफ को मिला शंकराचार्य का समर्थन
कांग्रेस विधायक आतिफ अकील ने दो दिन पहले विधानसभा में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने को लेकर अशासकीय संकल्प पेश किया था. उनकी इस प्रस्ताव पर उन्हें ज्योतिर्मठ पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का समर्थन मिला है. उन्होंने कांग्रेस विधायक आतिफ अकील द्वारा लाए गए प्रस्ताव को लेकर उनकी सराहना की है.
यह भी पढ़ें-
- मध्य प्रदेश सरकार किसानों पर मेहरबान, बजट में 1.15 लाख करोड़ का प्रावधान, लहलहा उठेंगे खेत-खलिहान
- भोपाल में 24 घंटे में ऑनलाइन ठगी के 35 मामले, एक्शन में राजधानी की साइबर पुलिस, धड़ाधड़ हुईं ई-जीरो FIR
उन्होंने इसे लेकर एक वीडियो भी जारी किया है. उधर शंकराचार्य के समर्थन को लेकर आतिफ अकील ने कहा, '' खुशी है कि मुझे उनकी दुआ और उनका आर्शिवाद मिला है. मैं अशासकीय संकल्प लेकर आया था. उम्मीद थी कि सरकार अशासकीय संकल्प पास करेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ.''
बीजेपी बोली राहुल-प्रियंका सदन में लाएं प्रस्ताव
प्रीतम लोधी ने कहा, '' मुस्लिम नेता यदि गाय की बात कर रहा है, तो यह बीजेपी की जीत है. अब पूरा भारत एक होने जा रहा है.'' बीजेपी विधायक उमाशंकर शर्मा ने कहा, '' मैं स्वयं गाय और गौवंश को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने का मुद्दा उठा चुका हूं. इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को पत्र लिख चुका हूं. कांग्रेस विधायक ने तो सिर्फ चर्चा में आने के लिए संकल्प प्रस्तुत किया था. यदि कांग्रेस सच में गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहती है तो कांग्रेस के संसदीय दल से यह प्रस्ताव लोकसभा में उठवाना चाहिए और कांग्रेस शासित राज्यों से इस प्रस्ताव को पास कराएं. कांग्रेस राहुल गांधी, प्रिंयका गांधी के माध्यम से सदन में प्रस्ताव रखवाएं.''

