सहारनपुर में बड़ी कार्रवाई; पूर्व MLC हाजी इकबाल की 276 करोड़ की 56 संपत्तियां कुर्क, पांच जगहों पर एक्शन
एसडीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि हाजी मोहम्मद इकबाल की संपत्तियों को कुर्क किया गया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 7:05 PM IST
सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जिला प्रशासन ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है. प्रशासन ने पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल की 56 संपत्तियों को कुर्क किया है. प्रशासन के मुताबिक, इन संपत्तियों की कुल अनुमानित कीमत करीब 276 करोड़ रुपये है. यह कार्रवाई पूर्व में दर्ज मुकदमों के आधार पर की गई है.
जिला प्रशासन की टीम शुक्रवार को जिले के मिर्जापुर क्षेत्र में पहुंची. इस दौरान शाहपुर गाड़ा, मिर्जापुर पोल, शेरपुर पिलो समेत कई स्थानों पर पूर्व बसपा एमएलसी एवं खनन माफिया हाजी इकबाल की संपत्तियों को चिन्हित करते हुए कुर्की की कार्रवाई की गई.
प्रशासनिक अधिकारियों ने ढोल बजाकर माइक से अनाउंस किया और संबंधित सम्पत्तियों पर कुर्की के बोर्ड लगाए. इस दौरान प्रशासनिक और पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा. कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई. स्थानीय लोगों के बीच इस कार्रवाई को लेकर चर्चा बनी हुई है. अब तक लगभग 2000 करोड़ की बेनामी संपत्ति को सरकारी संपत्ति में सम्मिलित कर लिया गया है।
पूर्व एमएलसी हाजी मोहम्मद इकबाल के खिलाफ दो दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. प्रशासन का कहना है कि कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है और नियमों का पूर्ण पालन किया गया है.
एसडीएम बेहट मानवेंद्र सिंह ने बताया कि हाजी मोहम्मद इकबाल के खिलाफ दर्ज मामलों के तहत वैधानिक प्रक्रिया अपनाते हुए संपत्तियों को कुर्क किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि लगभग 276 करोड़ रुपये मूल्य की 56 संपत्तियों पर कार्रवाई की गई है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी रहेगी. अधिकारियों के मुताबिक, मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
अवैध खनन कर बेनामी संपत्ति अर्जित की : मोहम्मद इकबाल उर्फ बाला पुत्र अब्दुल वहीद निवासी मिर्जापुर पोल थाना मिर्जापुर ने बसपा शासनकाल में अवैध खनन कर बेनामी संपत्ति अर्जित की थी. लखनऊ तक पकड़ बनाने के लिए पैसे के दम पर पहले खुद हाजी इकबाल बसपा से एमएलसी बना. इसके बाद अपने छोटे भाई महमूद अली को एमएलसी बनवाया था. बसपा शासन काल में मंत्री से लेकर अधिकारी तक इकबाल के घर हाजिरी लगाने जाते थे.
कई थानों में मुकदमे दर्ज : अवैध खनन करते करते वह अवैध कब्जाधारी भी बन गया. लोगों को डरा धमका कर या फिर फर्जी मुकदमों की धमकियां देकर उनकी जमीने हड़प ली थी. पैसे की हनक में हाजी इकबाल जनपद सहारनपुर में गैंगस्टर अपराधी बन गया. उसके खिलाफ सहारनपुर समेत कई जिलों और अन्य राज्यों के विभिन्न थानों में लगभग 50 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं. थाना मिर्जापुर में वर्ष 2022 में गैंगस्टर एक्ट की धारा 2/3 के तहत मुकदमा पंजीकृत है.
यह भी पढ़ें : माफिया हाजी इकबाल पर प्रशासन का शिकंजा, लखनऊ और नोएडा में अरबों की संपत्ति की कुर्क

