अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर 55 किलो 670 ग्राम गांजा जब्त, 2 महिलाएं गिरफ्तार, CIA टीम ने की कार्रवाई
अंबाला कैंट स्टेशन पर भारी मात्रा में गांजा के साथ 2 महिलाओं को CIA टीम ने गिरफ्तार किया है.

Published : February 27, 2026 at 4:39 PM IST
अंबालाः नशे के सौदागरों के खिलाफ हरियाणा रेलवे पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान CIA की टीम ने दो महिलाओं को भारी मात्रा में नशीले पदार्थ के साथ धर दबोचा. पकड़ी गई महिलाओं से 55 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ है. पुलिस की मानें तो इस नशे की सप्लाई चंडीगढ़ और जालन्धर में होनी थी.
खेप चंडीगढ़ और पंजाब के जालंधर में पहुंचाया जाना थाः अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर रेलवे की सीआईए की टीम ने 2 महिलाओं को नशे की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है. नशे की यह खेप चंडीगढ़ और पंजाब के जालन्धर ले जाई जानी थी लेकिन पुलिस ने इन्हें अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर ही काबू कर लिया. पकड़ी गई महिलाओं से रेलवे सीआईए ने 55 किलो 670 ग्राम गांजा बरामद हुआ है. यह महिलाएं कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नम्बर 2-4 पर मौजूद थी जिस दौरान इन्हें गिरफ्तार किया गया.
गोरखपुर से तस्करी कर लाया जा रहा था गांजाः पकड़ी गई महिलाओं की पहचान मखनी देवी और अंजना कुमारी के रूप में हुई है. रेलवे सीआईए की टीम ने बताया चेकिंग के दौरान दो महिलाओं से करीब 55.670 किलो गांजा बरामद हुआ है. ये खेप गोरखपुर से लाई गई थी और इसे चंडीगढ़ और पंजाब के जालंधर में सप्लाई किया जाना था. ये लोग छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर लोकल स्तर पर नशा बेचते हैं.
पुलिस रिमांड पर आरोपी: फिलहाल आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 मार्च 2026 तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं. रिमांड के दौरान महिलाओं से नशे के इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगनाओं के बारे में पूछताछ की जाएगी.

