ETV Bharat / state

होली पर पुलिस का 'कड़ा पहरा', हुड़दंग मचाया तो सख्ती से निपटेगी पुलिस, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी

प्रदेश में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जाब्ता तैनात, थानों के जाब्ते के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल तैनात.

cctv से निगरानी
cctv से निगरानी (ETV Bharat JAIPUR)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 11:16 AM IST

6 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर/अलवर : राजधानी जयपुर में होली और धुलंडी पर्व की धूम है. स्थानीय लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में विदेशी सैलानी भी रंगों के इस त्योहार का उल्लास और उमंग के साथ लुत्फ उठाते हैं. हालांकि, कई बार नशे में हुड़दंग मचाने वाले असामाजिक तत्व रंग में भंग डालने का प्रयास करते हैं. ऐसे मामलों से सख्ती से निपटने के लिए खाकी पूरी तरह से मुस्तैद है. राजधानी जयपुर में होली और धुलंडी पर शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने और हुड़दंगियों को काबू करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है. इसके साथ ही अभय कमांड सेंटर के जरिए भी खाकी के जवान राजधानी की सड़कों पर नजर बनाए हुए हैं. जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी. सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों से भी पुलिस सख्ती से निपटेगी. इधर जयपुर पुलिस सीएलजी और शांति समितियों की भी लगातार बैठक कर रही है.

चप्पे-चप्पे पर खाकी मुस्तैद : एडिशनल कमिश्नर (कानून-व्यवस्था) डॉ. राजीव पचार ने बताया कि होली और धुलंडी के मद्देनजर राजधानी जयपुर में सुरक्षा के कड़े और पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. होली पर शराब पीकर उत्पात मचाने, सैलानियों से से छेड़छाड़ करने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने पर पुलिस सख्ती से निपटेगी. कानून व्यवस्था की पालना कराने के लिए जयपुर में 11 एएसपी, 45 एसीपी, 80 थानाधिकारी और 1500 हेड कांस्टेबल-कांस्टेबल के साथ ही आरएसी की पांच कंपनियां तैनात की गई हैं.

होली पर मचाया हुड़दंग तो खैर नहीं (वीडियो ईटीवी भारत जयपुर)

इसे भी पढ़ें:15 दिन फागोत्सव - 600 साल से भगवान चारभुजानाथ से खेल रहे ब्रज की होली

ड्रोन कैमरों से भी रख रहे नजर : उन्होंने बताया कि पुलिस के आलाधिकारी मॉनिटरिंग के लिए लगातार गश्त कर रहे हैं. होली और धुलंडी पर कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए पुलिस शहर में लगे सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन कैमरों के माध्यम से अभय कमांड सेंटर के जरिए भी निगरानी रख रही है. संवेदनशील पॉइंट्स पर पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है. हर छोटी-बड़ी घटना पर बारीकी से नजर रखी जा रही है. ड्रोन से भी नजर रखी जा रही है.

सैलानियों की सुरक्षा के भी माकूल इंतजाम : उन्होंने बताया कि होली पर जयपुर में बाहर से भी बड़ी संख्या में देसी-विदेशी सैलानी आते हैं. उनकी सुरक्षा के भी माकूल इंतजाम किए गए हैं. वर्दीधारी पुलिस की तैनाती के साथ ही सादा वर्दी में भी पुलिस अधिकारियों को तैनात किया गया है. पर्यटकों के साथ ही आमजन की सुरक्षा के भी माकूल इंतजाम किया गया है. उन्होंने बताया कि असामाजिक तत्वों को चिह्नित करने के लिए सघन अभियान चलाया गया है. इसके साथ ही सैलानियों को परेशान करने वाले लपकों पर भी कार्रवाई की गई है.

सौहार्द्र बनाए रखने की अपील : उन्होंने लोगों से शांति और आपसी सौहार्द्र के साथ त्योहार मनाने की अपील की है. उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने की भी अपील की है. ताकि शहर में शांति कायम रहे. उन्होंने कहा कि शराब के नशे में हुड़दंग करने और माहौल खराब करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है.

आदतन बदमाशों-संदिग्ध लोगों को किया पाबंद : जयपुर (उत्तर) डीसीपी करण शर्मा ने बताया कि जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक की गई थी. इससे पहले उत्तर जिले की बैठक अलग से की गई है. जिसमें होली के साथ ही आगामी दिनों में आने वाले सभी त्योहारों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई. इसके साथ ही थाना स्तर पर मोहल्ला समितियों और सीएलजी की मीटिंग हो रही है. उन्होंने कहा कि संदिग्ध लोगों और आदतन अपराधियों को समय-समय पर पाबंद किया जाता है. यह रूटीन प्रक्रिया है.

इसे भी पढ़ें: रंगभरियों की गली : राजशाही जमाने में यहां बनते थे गुलाल गोटे, अब व्यवसाय बदला, लाख की चुड़ियों से है पहचान

अलवर जिले में होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, होमगार्ड व आरएसी के जवान तैनात रहेंगे. शहर में हुड़दंग मचाने वाले लोगों पर अलवर पुलिस की तीसरी आंख अभय कमांड के कैमरों से नजर रखी जाएगी. कोई भी व्यक्ति शहर में हुड़दंग मचाता मिला तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. सोमवार सुबह से ही जिले के सुरक्षा नाकों पर जवान तैनात कर दिए गए.

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि 2 मार्च व 3 मार्च को होली व धुलंडी हर्षोल्लास से मना सके, इसके लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. जिलेभर में संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया है. अलवर जिले में 500 पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, आरएसी व होमगार्ड के जवान तैनात किए हैं.

अफवाह पर प्रभावी नियंत्रण: पुलिस अधीक्षक चौधरी ने बताया होली पर क्षेत्र में अशांति फैलाने, हुड़दंग व उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध जिला पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी. अलवर पुलिस की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह और भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखने के लिए सोशल मीडिया सेल से निगरानी रखी जाएगी. जिले में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौक चौराहा एवं धार्मिक स्थलों पर जिला पुलिस की टीम लगातार प्रभावी गश्त एवं निगरानी कर रही है.

इसे भी पढ़ें: महिला सुरक्षा की पहल: पब्लिक ट्रांसपोर्ट में बार कोड स्कैन करते ही महिलाओं को मिलेगी तुरंत पुलिस सहायता

आमजन से अपील: एसपी ने आमजन से अपील कि त्यौहार मनाते समय मानवीय मर्यादा और नियमों का पालन करें. किसी भी तरह की अफवाह, भड़काऊ बयानबाजी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट ना डालें. सार्वजनिक स्थल पर अनुशासन में रहें. होली पर जबरदस्ती रंग लगाने व हुड़दंग करने से बचें. सामाजिक तत्वों की किसी भी संदिग्ध गतिविधियां, कोई अप्रिय घटना हो तो तत्काल सूचना पुलिस कंट्रोल व संबंधित थानों को उपलब्ध कराएं.