बिहार में 2.5 करोड़ का गांजा बरामद, कटहल की आड़ में हो रही थी तस्करी
कटहल की आड़ में छुपा कर लाए जा रहे 2.5 करोड़ का गांजा बरामद हुआ है. ओडिशा से मोहनिया के लिए खेप चली थी.

Published : May 28, 2026 at 9:05 PM IST
रोहतास : बिहार में पुलिस की लगातार कार्रवाई के बावजूद सूखे नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है. इसी कड़ी में रोहतास पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए गांजे की बड़ी खेप को बरामद किया है. जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 2.5 करोड़ रुपए बताई जा रही है.
रोहतास में ढाई करोड़ का गांजा जब्त : दरअसल जिले के डेहरी में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ओडिशा से एक उजले रंग की पिकअप वैन कटहल लोड कर डेहरी की ओर आ रही है. जिसके नीचे भारी मात्रा में गांजे की खेप छुपा कर रखी गई है. सूचना मिलते ही एएसपी अतुलेश झा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया.
कटहल की आड़ में हो रही थी तस्करी : टीम ने डेहरी नगर थाना क्षेत्र के पाली मोड़ स्थित जीटी रोड पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वैन को रोका गया जिस पर पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कटहल लदा हुआ था और तिरपाल से ढका गया था. एएसपी के मुताबिक पुलिस ने जब वाहन की सघन तलाशी ली तो कटहल के नीचे छुपा कर रखे गए लगभग 500 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप को बरामद किया गया.

''पुलिस ने मौके से वाहन चालक सत्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में चालक ने इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े कई लोगों के नाम उजागर किए हैं. पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है. साक्ष्य के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.''- अतुलेश झा, एएसपी
औरंगाबाद में होनी थी डिलेवरी : पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार चालक ने पुलिस को बयान में बताया है कि गांजे की खेप ओडिशा से झारखंड के रास्ते औरंगाबाद होते हुए मोहनिया पहुंचाई जा रही थी. इस मामले में मोहनिया से जुड़े तस्करों की भी पहचान की जा रही है. साथ ही कैमूर पुलिस से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यहां यह बताना भी जरूरी है कि रोहतास जिले का इलाका सूखे नशे के कारोबार के लिए कुख्यात हो चुका है. खासकर डेहरी इलाके में गांजा, हेरोईन की तस्करी में जहां कई युवा संलिप्त हैं वही यह लत युवाओं का भविष्य बिगाड़ रहा है. हालांकि इस मामले में एएसपी अतुलेश झा ने कहा कि सूखे नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है. पुलिस को विभिन्न इलाके में छापेमारी के निर्देश जारी किए गए हैं.
ये भी पढ़ें :-
बिहार में ओडिशा के तस्करों की नई तरकीब फेल, हाइड्रोलिक हाइवा के गुप्त तहखाने से 208 किलो गांजा जब्त
दूल्हे की कार में छिपा था 3 करोड़ का गांजा! STF ने खोला तस्करी का नया खेल, दो सगे भाई गिरफ्तार
बिहार में पकड़ा गया जम्मू का जावेद, ओडिशा का 'सामान'.. UP में होनी थी डिलेवरी

