हरियाणा के युवकों की गुंडागर्दी! हिमाचल में युवक को बेरहमी से पीटा, गंभीर हालत में PGI रेफर
हिमाचल में हरियाणा के 5 युवकों ने एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट की. पुलिस ने मामला दर्ज किया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 10:13 AM IST
सोलन: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में मारपीट की एक घटना सामने आई है. मामले में पांच युवकों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई की गई. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद सोलन पुलिस भी एक्शन में आ गई है. मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी है. वहीं, पीड़ित युवक गंभीर हालत में है. उसे पीजीआई चंडीगढ़ के लिए रेफर किया गया है. वहीं, इस दौरान वहां लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन किसी ने भी युवक को बचाने की कोशिश नही की.
पीड़ित के साथी ने दर्ज करवाई शिकायत
सोलन पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार को पंकु निवासी परवाणू ने पुलिस में मारपीट को लेकर शिकायत दर्ज करवाई. अपनी शिकायत में पंकु ने बताया कि बुधवार, 7 जनवरी को वो अपने साथी ईशान के साथ गाड़ी में सवारियां लेकर कालका से आयशर गेट परवाणू तक आए थे. सवारियों को गाड़ी से उतारने के बाद वो दोनों परवाणू-कसौली चौक स्थित मॉल के सामने एक दुकान से फोन लेने के लिए रुके.
ईशान पर 5 लोगों ने किया अचानक हमला
इस दौरान जब वे कसौली चौक की ओर बढ़ रहे थे, तभी पीछे से पिंकी और निखिल चौरसिया अपने अन्य तीन साथियों के साथ वहां पहुंचे और उन्होंने अचानक से ईशान पर हमला कर दिया. 5 आरोपी युवकों ने मिलकर ईशान पर लोहे की पाइपों और अन्य हथियारों से बेरहमी से हमला कर दिया. जिसमें ईशान बुरी तरह से घायल हो गया उसे हमले में गंभीर चोटें आई हैं. उसे इलाज के लिए पहले परवाणू स्थित ईएसआई अस्पताल लेकर गए. जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया. वहीं, घटना में शामिल पांचों आरोपी हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
"मारपीट मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2), 191(2), 191(3) व 190 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है. मामले में आरोपी फिलहाल फरार हैं. घटना से जुड़े सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है." - गौरव सिंह, एसपी सोलन

