भोपाल में लापता हुआ 5 साल का मासूम मिला, बच्चे की मां ने ही रची थी झूठी कहानी
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, पूर्व पति को बच्चा सौंप आई थी महिला, फिर थाने जाकर लिखाई झूठी रिपोर्ट

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 4, 2026 at 8:36 AM IST
भोपाल : टीला जमालपुरा पुलिस ने इंद्रा नगर से अचानक लापता हुआ 5 साल के मासूम को ढूंढ निकाला है. पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे की मां ने ही उसे अपने पूर्व पति के हवाले कर दिया था और उसके गुम होने की झूठी रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. जानकारी के मुताबिक महिला की दूसरी शादी हो चुकी थी लेकिन ये बच्चा उसके पूर्व पति का था. अब पुलिस को गुमराह कर झूठी रिपोर्ट कराने के मामले में महिला पर कार्रवाई की तैयारी कर रही है.
मां ने रची थी बेटे के गुम होने की झूठी कहानी
भोपाल के टीला जमालपुरा इलाके से 5 साल का लापता बच्चे के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस ने कुछ ही घंटों में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि बच्चे की मां ने लोकलाज के डर से उसे अपने पूर्व पति के पास छोड़ दिया था और गुमशुदगी की झूठी कहानी रच दी थी. पुलिस ने बताया कि महिला ने करीब 5 साल पहले दूसरी शादी की थी और ये बच्चा उसके पहले पति का था. पहले पति द्वारा छोड़ दिए जाने के बाद वह दूसरे पति के साथ रह रही थी.
पूछताछ में महिला ने उगला सच
सोमवार शाम करीब 4 बजे उसने बच्चे के लापता होने की सूचना पुलिस को दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की मदद ली और पूरे इलाके की गलियों से लेकर नालियां और पानी की टंकियां तक खंगाल मारीं. इसके दौरान बच्चे की मां से पुलिस ने तकनिकी आधार पर पूछताछ की तो उसके बयानों में विरोधाभास था, जिसके बाद महिला ने पुलिस के सामने सच उगल दिया.

यह भी पढ़ें- भोपाल में 5 साल का बच्चा लापता, तलाशी में फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट के साथ 3 थानों की पुलिस जुटी
सीसीटीवी में खुद बच्चा सौंपते नजर आई
सीसीटीवी और तफ्तीश के दौरान पुलिस को सुराग मिला था कि बच्चे की माम खुद काजी कैंप गई और बच्चे को एक व्यक्ति को सौंप रही थी. जब महिला से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया की वह अपने पूर्व पति को बच्चा देकर आ गई है. पुलिस ने बच्चे को सूखी सेवनिया क्षेत्र से बरामद कर लिया है, इधर एसीपी अनिल वाजपाई ने कहा, '' समाज और लोगों के ताने से बचने के लिए महिला ने झूठी कहानी रची थी. सच्चाई सामने आने के बाद अब महिला के खिलाफ पुलिस को गुमराह करने और झूठी सूचना देने के मामले में कार्रवाई की जाएगी.''

