136 पहलवान, कड़ा मुकाबला: लोहागढ़ केसरी पर मोहित फोगाट का कब्जा, दीपक नूरपुर रहे उपविजेता
भरतपुर में 45वें लोहागढ़ केसरी दंगल में मोहित फोगाट ने खिताब पर कब्जा जमाया. दंगल में कुल 136 पहलवानों ने भाग लिया

Published : March 22, 2026 at 6:58 PM IST
भरतपुर: जिला मुख्यालय पर आयोजित 45वें लोहागढ़ केसरी दंगल में एक बार फिर मोहित फोगाट ने अपना दबदबा कायम रखते हुए खिताब पर कब्जा जमाया. खास बात यह रही कि मोहित फोगाट वर्ष 2024 के भी विजेता रहे थे और इस बार लगातार दूसरी बार केसरी बनकर अपनी श्रेष्ठता साबित की. 136 पहलवानों के बीच दिनभर रोमांचक और कड़े मुकाबले देखने को मिले.
दंगल संयोजक चुन्नी कप्तान ने बताया कि रविवार को जिला कुश्ती संघ एवं श्री हनुमान मंदिर गुरु सिंह व्यायामशाला के तत्वावधान में लोहागढ़ केसरी दंगल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. दंगल में कुल 136 पहलवानों ने भाग लिया, जिनमें 106 पहलवान खिताबी मुकाबलों में और 30 पहलवान स्पेशल कुश्तियों में उतरे. दिनभर चले मुकाबलों में क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल राउंड संपन्न हुए. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर कमर चौधरी (आईएएस) रहे. उन्होंने पहलवानों से परिचय प्राप्त कर मुकाबलों का शुभारंभ कराया और विजेताओं को सम्मानित किया. इसके बाद शेष पुरस्कार जिला कुश्ती संघ के अध्यक्ष सीताराम व अन्य पदाधिकारियों द्वारा वितरित किए गए.
इसे भी पढ़ें- राजाखेड़ा में ऐतिहासिक कुश्ती दंगल का आयोजन, पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच, ड्रॉ रही 1.51 लाख की कुश्ती
ये रहे अलग-अलग मुकाबले के विजेता: लोहागढ़ केसरी खिताब मोहित फोगाट ने जीता. उन्हें 1,11,000 रुपए नकद, बुर्ज, पट्टा और ड्राई फ्रूट पैकेट प्रदान किया गया. दूसरे स्थान पर भरतपुर के दीपक नूरपुर रहे, जिन्हें 51,000 रुपए व शील्ड दी गई. तीसरे स्थान पर सतवीर और चौथे स्थान पर हरियाणा के रोहित रहे, जिन्हें भी पुरस्कृत किया गया. लोहागढ़ कुमार वर्ग में हिसार के अनुज विजेता बने. उन्हें 51,000 रुपए, बुर्ज, शील्ड, पट्टा व ड्राई फ्रूट पैकेट दिया गया. दूसरे स्थान पर मनोज परमदरा (21,000), जबकि तीसरे स्थान पर रोहतक के कपिल (15,000) रहे.

लोहागढ़ किशोर वर्ग में पालिंदर स्टेडियम के खिलाड़ी प्रथम रहे, जिन्हें 31,000 रुपए, शील्ड व पट्टा प्रदान किया गया. दूसरे स्थान पर शिव सिंह महंगाया (15,000), तीसरे पर संदीप प्रजापत (भीलवाड़ा) और चौथे स्थान पर लखन परमदरा रहे, जिन्हें क्रमशः 10,000 और 5,000 व शील्ड दी गई. सबसे छोटे वर्ग लोहागढ़ बसंत में डीग के मनीष सैनी ने पहला स्थान प्राप्त किया. उन्हें 21,000 व शील्ड देकर सम्मानित किया गया. दंगल में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश तथा आर्मी के पहलवानों ने भाग लिया. आयोजन को खेल विभाग, नगर निगम और स्थानीय जनसहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया.
इसे भी पढ़ें- दंगल में विदेशी पहलवान का जलवा: ईरान के मिर्जा ने Sudden Death में शेरा गुर्जर को हराकर जीती बुलेट

