ETV Bharat / state

43वां राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मेलन: शिक्षकों ने की लंबित मांगों को पूरा करने की मांग, विधायक ने दिया आश्वासन

विधायक प्रियंका चौधरी ने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों को भाजपा सरकार में समाधान होगा.

Local MLA addresses the conference
सम्मेलन को संबोधित करतीं स्थानीय विधायक (ETV Bharat Barmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : December 19, 2025 at 7:35 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

बाड़मेर: राजस्थान के सरहदी जिले बाड़मेर में शुक्रवार को दो दिवसीय राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ का 43वां राज्य स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन का आगाज हुआ. शहर के आदर्श स्टेडियम में आयोजित सम्मेलन में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक भाग लेने पहुंचे. सम्मेलन में प्रदेशभर से आए शिक्षकों ने बॉर्डर इलाके से प्रदेश की भजनलाल सरकार से अपनी विभिन्न लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग करते हुए आवाज बुलंद की.

ये हैं प्रमुख मांगें: सम्मेलन में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने शिक्षकों की मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए सरकार को तत्काल काम शुरू करना चाहिए, अन्यथा आंदोलन शुरू होगा.' शर्मा ने कहा कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई, तो विधानसभा का घेराव किया जाएगा. उन्होंने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, महात्मा गांधी विद्यालयों में द्वितीय चरण पदस्थापन और लंबित डीपीसी को प्रमुख मांगे बताया. उन्होंने कहा कि इन मांगों को लेकर 26 दिसंबर को राजधानी जयपुर के शहीद स्मारक पर शिक्षक धरना प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने शिक्षकों से इसमें शामिल होने का आह्वान किया.

मांगों को लेकर शिक्षकों ने दी ये चेतावनी (ETV Bharat Barmer)

पढ़ें: पंचायत शिक्षक विद्यालय सहायक का स्थायीकरण फिर अटका, किया 'सद्बुद्धि यज्ञ'

भाजपा सरकार ने किया अधिकतर समस्याओं का समाधान: बाड़मेर विधायक डॉ प्रियंका चौधरी ने इस दौरान कहा कि पिछली सरकारों के सामने आपने अपनी मांगें रखी होंगी, लेकिन अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार है. उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षकों की अधिकतर समस्याओं का समाधान कर दिया है. विधायक ने कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार की वजह से आज भी युवा परेशान है और न्याय की गुहार कर रहा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पहले दिन ही कह दिया था कि किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा. जो पेपर माफिया हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है. विधायक ने आश्वासन दिया कि शिक्षकों की जो भी समस्याएं हैं, उनका समाधान होगा.

पढ़ें: शिक्षकों का ट्रांसफर्स : शिक्षा मंत्री बोले- बड़े भाई की शादी के बाद छोटे का इंतजार बढ़ ही जाता है...

शहर के आदर्श स्टेडियम में आयोजित इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में संगठन के प्रदेशाध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा, प्रदेश मुख्य महामंत्री महेंद्र पांडे, प्रदेश महामंत्री दीपक ठक्कर, प्रदेश संगठन मंत्री शिवशंकर ओझा, प्रदेश महिला मंत्री शैलजा शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. बाड़मेर विधायक डॉ प्रियंका चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष अंनतराम विश्नोई, भाजपा आईटी सेल के दीपक कड़वासरा ने सम्मेलन में आतिथ्य के रूप में शिरकत की. जिला अध्यक्ष घमंडाराम चौधरी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संगठन की गतिविधियों और उद्देश्यों पर प्रकाश डाला.