ETV Bharat / state

बिहार में शराब माफिया की झोपड़ी से निकलने लगी नोटों की गड्डी, पुलिस पदाधिकारी हैरान

समस्तीपुर में छापेमारी करने गयी पुलिस हैरान रह गयी जब शराब माफिया की झोपड़ी से करीब 43 लाख रुपये बरामद किए गए.

Samastipur Liquor Mafia
समस्तीपुर में छापेमारी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : February 11, 2026 at 10:02 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर में लोग उस वक्त हैरान रह गए जब शराब माफिया की झोपड़ी से नोटों की गड्डी निकलने लगी. यह मामला जिले के चकमहेसी थाना क्षेत्र का है. समस्तीपुर पुलिस बिहार में शराबबंदी के तहत छापेमारी करने के लिए पहुंची थी. इस दौरान पुलिस ने झोले में छिपाकर रखे गए 43 लाख 94 हजार 500 रुपये बरामद की है.

बड़ी डील की थी तैयारी: पुलिस ने यह कार्रवाई चकमहेसी के सैदपूर बाजार समिति इलाके में की. शराब माफिया एक बड़ी डील को अंजाम देने की फिराक में था. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही मुख्य तस्कर मौके से फरार होने में कामयाब रहा. पुलिस ने जब्त किए गए पैसों की तस्वीरें भी जारी की है. यह इतनी बड़ी राशि है जो किसी भी अवैध धंधे, खासकर शराब तस्करी, से जुड़ी होने की ओर इशारा करती है.

Samastipur Liquor Mafia
समस्तीपुर में छापेमारी के दौरान लोगों की भीड़ (ETV Bharat)

झोले में मिले 43 लाख रुपये: समस्तीपुर पुलिस के अनुसार चकमहेसी थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शराब की एक बड़ी खेप की खरीद-फरोख्त होने वाली है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सेदपुर बाजार समिति स्थित एक संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी. छापेमारी के दौरान पुलिस को शराब तो नहीं मिली, लेकिन एक झोले में बंडल में रखे हुए लाखों रुपये मिले.

शराब तस्कर ने पुलिस को किया फोन: हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में एक नया मोड़ तब आया जब फरार हुए एक आरोपी शराब तस्कर ने बाद में पुलिस से संपर्क कर दावा किया कि बरामद की गई राशि शराब तस्करी की नहीं, बल्कि जमीन बेचने से मिली थी. आरोपी के इस दावे ने पुलिस की चुनौती को बढ़ा दिया है. अब पुलिस को इस बात की गहनता से जांच करेगी कि यह राशि वाकई वैध तरीके से अर्जित की गई थी या फिर यह शराब माफिया के काले धंधे का हिस्सा है.

एक्शन में समस्तीपुर एसपी: मामले को लेकर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है. यह टीम न केवल फरार हुए तस्करों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाएगी. बरामद राशि के स्रोत और आरोपी के जमीन बेचने के दावे की भी पुष्टि करेगी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, राजस्व विभाग और आयकर विभाग को भी इस मामले से अवगत कराया जा सकता है ताकि मनी लॉन्ड्रिंग जैसे पहलुओं की भी जांच की जा सके.

"कुल 43 लाख 94 हजार 500 रुपये बरामद की गयी है. मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया है. बरामद राशि की के स्रोतो की जांच की जाएगी. फिलहाल जहां राशि बरामद हुई है, वहां से आरोपी फरार है. पूरे मामले की तहकीकात कर आगे की कार्रवाई की जाएगी." -अरविंद प्रताप सिंह, एसपी, समस्तीपुर

छानबीन में जुटी पुलिस: शराबबंदी वाले बिहार में इतनी बड़ी नगद राशि का बरामद होना कई सवाल खड़े करता है. यह दर्शाता है कि शराब माफिया किस तरह बड़े पैमाने पर अवैध धंधे चला रहे हैं. लाखों-करोड़ों का लेन-देन कर रहे हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह राशि कहां से आई थी, इसका उपयोग कहां होने वाला था और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल है.

ये भी पढ़ें: