24 घंटे में पुलिस ने ढूंढे चारों नाबालिग, शिमला से हुए थे लापता
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस को ठियोग से लापता 2 लड़कियां बिलासपुर में मिली हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : February 10, 2026 at 11:30 AM IST
शिमला: जिला शिमला में एक साथ 4 नाबालिगों के लापता होने से हड़कंप मच गया था. इसमें तीन लड़कियां भी शामिल थी. शिमला पुलिस ने 24 घंटे में ही चारों नाबालिगों को ढूंढ निकाला है. सभी बच्चे सकुशल हैं. नाबालिगों के लापता होने की शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके चलते सभी बच्चों को अलग-अलग जगहों से सुरक्षित बरामद करके उनके परिजनों को सौंप दिया गया है. वहीं, बच्चों के सही-सलामत मिलने से परिवारों ने भी राहत की सांस ली है.
ठियोग-कुमारसैन से लापता हुए थे नाबालिग
गौरतलब है कि लापता बच्चों में तीन नाबालिग लड़कियां शिमला के ठियोग से, जबकि एक नाबालिग लड़का कुमारसैन से लापता हुआ था. परिजनों की शिकायत पर ठियोग और कुमारसैन थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे. इसके बाद पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश तेज करते हुए सर्च टीमों का गठन किया और तकनीकी व मानवीय सूचना तंत्र का सहारा लिया. जिसके बाद पुलिस ने चारों बच्चों को सुरक्षित ढूंढ लिया और परिजनों के हवाले कर दिया है.
कुमारसेन में ही मिला 16 वर्षीय लड़का
एसआई ठियोग राकेश कुमार ने पहला मामला कुमारसैन थाना क्षेत्र के तहत दर्ज हुआ था. शिकायत कुमारसैन के कवाला गांव की निवासी स्मृति देवी ने दर्ज करवाई थी. शिकायतकर्ता ने बताया कि 4 फरवरी को वो इलाज के लिए आईजीएमसी शिमला गई थी. 5 फरवरी को घर लौटने पर उन्हें उनका 16 वर्षीय बेटा घर पर नहीं मिला. परिजनों ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा. मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर बेटे ने परिवार के नंबर ब्लॉक कर रखे थे. बाद में शिकायत दर्ज करवाने पर पुलिस ने उसे कुमारसैन क्षेत्र से ही सकुशल बरामद कर लिया है.
तीनों नाबालिग लड़कियां भी सुरक्षित
दूसरा मामला ठियोग थाने के तहत दर्ज था. एसआई ठियोग राकेश कुमार ने बताया कि ये शिकायत नेपाली मूल की निवासी लक्ष्मी ने ठियोग थाने में दर्ज करवाई थी. शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी को वो और उसका पति फूलगोभी की रोपाई के लिए अपनी लीज ली गई जमीन पर गए थे. इस दौरान वो अपनी दोनों बेटियों को शाम करीब 6 बजे लेलू पुल में अपने ननिहाल छोड़ गए थे. जब वापस लौटे तो 16 वर्षीय बेटी लापता मिली. जब आसपास पता किया तो सामने आया कि उसी क्षेत्र से 12 और 13 साल की दो और नाबालिग लड़कियां भी लापता हैं. शिकायत के बाद जब पुलिस ने सर्च किया तो ठियोग की दो नाबालिग लड़कियां बिलासपुर में मिली, जबकि एक नाबालिग लड़की शिमला से ही बरामद की गई.
"पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सभी चारों नाबालिगों को ढूंढ निकाला है. सभी बच्चों को सुरक्षित पाकर मेडिकल जांच के बाद परिजनों के हवाले कर दिया है. मामले में आगामी जांच जारी है." - राकेश कुमार, एसआई ठियोग

