ETV Bharat / state

शिमला में 3 लड़कियों समेत 4 नाबालिग लापता, मचा हड़कंप

शिमला में 4 नाबालिगों के लापता होने से पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है.

Shimla minors missing Case
शिमला में 4 नाबालिग लापता (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : February 9, 2026 at 1:23 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में चार नाबालिगों के लापता होने का मामला सामने आया है. शिमला के ग्रामीण क्षेत्रों से चार नाबालिग गायब हो गए हैं, जिससे जिले में हडकंप मचा हुआ है. जिले के ठियोग उपमंडल से 3 नाबालिग लड़कियां और कुमारसैन से एक 16 साल का लड़का लापता हो गया है. एक साथ चार बच्चों के गायब हो जाने के बाद पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में आ गया है. विभिन्न थानों की पुलिस टीमें लापता बच्चों की तलाश में सभी संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.

16 साल का नाबालिग लापता

पहला मामला कुमारसैन क्षेत्र का है. एसआई ठियोग राकेश कुमार ने बताया कि यहां एक महिला ने अपने नाबालिग बेटे के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई है. शिकायतकर्ता महिला ने पुलिस को बताया कि 4 फरवरी को वो इलाज के लिए आईजीएमसी अस्पताल शिमला गई थी. 5 फरवरी को जब वो वापस घर लौटी, तो उसका 16 साल का बेटा घर से गायब था. जब परिजनों ने उसके मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की तो पता चला की नाबालिग ने परिवार वालों के सभी नंबर ब्लॉक कर दिया है. ऐसे में किसी अनहोनी की आशंका के चलते पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

एक ही क्षेत्र से 3 लड़कियां गायब

दूसरा मामला ठियोग उपमंडल का है, जो अधिक चिंताजनक है. एसआई ठियोग राकेश कुमार ने बताया कि यहां 6 फरवरी को लेलू पुल के पास ननिहाल गई एक 16 साल की किशोरी अचानक लापता हो गई. जब परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो उन्हें पता चला कि उसी क्षेत्र की दो और नाबालिग लड़कियां भी गायब हैं. जिनकी उम्र 12 और 13 साल है. तीनों लड़कियां नाबालिग हैं और एख ही इलाके से लापता हुई हैं. जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है. रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में छानबीन के बाद भी अब तक बच्चों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.

"मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है. आम जनता से भी सहयोग की अपील है कि अगर किसी व्यक्ति को इन बच्चों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो वे तुरंत इसकी सूचना नजदीकी पुलिस स्टेशन या कंट्रोल रूम को दे सकता है." - राकेश कुमार, एसआई ठियोग

ये भी पढ़ें: अब थाने के चक्कर नहीं, किन मामलों में और कैसे घर बैठे दर्ज करा सकते हैं e-FIR?