चरखी दादरी में बड़ा हादसा: गोगामेड़ी जा रही श्रद्धालुओं से भरी ट्रॉली पलटी, मची चीख-पुकार, 36 श्रद्धालु घायल
चरखी दादरी में ट्राले की टक्कर से श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई. हादसे में महिला, पुरुष और बच्चे सहित 36 घायल हो गए.

Published : September 1, 2026 at 1:55 PM IST
चरखी दादरी: नेशनल हाईवे-334बी स्थित लोहारू रोड पर गांव खेड़ी बत्तर के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. दरअसल, यूपी के अलीगढ़ से राजस्थान के प्रसिद्ध गोगामेड़ी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई. इसके बाद हाईवे पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. हादसे में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत 36 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई.
घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल: इधर, सूचना पाकर सदर थाना पुलिस, एंबुलेंस और राहत दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाहर निकालकर तुरंत चरखी दादरी के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी सेवाएं सक्रिय कर सभी डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को अलर्ट पर तैनात कर दिया.

घायलों में महिलाएं व बच्चे भी शामिल: इस बारे में डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राहुल अरोड़ा ने कहा कि, "हादसे में करीब 35-36 श्रद्धालु घायल होकर अस्पताल पहुंचे हैं. इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं. प्राथमिक उपचार के बाद लख्मी पत्नी हनीफ, छिया पुत्र महावीर, नत्थे सिंह पुत्र प्रभात और विजय पुत्र ध्राजीराम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है. अन्य सभी घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है."
अलीगढ़ से गोगामेड़ी दर्शन के लिए निकले थे श्रद्धालु: वही, जिन घायलों को इलाज चल रहा है, उनमें घायल शैलेश कुमार, राहुल और नीरज ने बताया कि, "सभी श्रद्धालु अलीगढ़ से ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गोगामेड़ी धाम जा रहे थे. दादरी के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्राले ने टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉली पलट गई और लगभग सभी सवारियां घायल हो गईं. हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया."
इन श्रद्धालुओं को आई चोटें: पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसे में घायल होने वालों में इकबाल, अनिल, प्रमोद, सुखबीर, रणबीर, नखुल, अमित, तानसेन, सोभित, मनोज, सीमा, शिवांगी, लवकुश, नीरज, खेमकरण, गोविंद, सागर, मुकुल, मोनम, सोनम, कोमल, नीतू, लतेश, बॉबी, गौतम, खुशी, शैलेश, इच्छा, हिमांशी, सचिन, मीनाक्षी, राकेश सहित कुल 36 श्रद्धालु शामिल हैं. अधिकांश घायल उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी हैं.
जाम खुलवाकर जांच में जुटी पुलिस: इधर, हादसे के कारण नेशनल हाईवे-334बी पर काफी देर तक यातायात बाधित रहा. पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया. वहीं हादसे के बाद ट्राला चालक फरार हो गया. पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
ये भी पढ़ें: पलवल KMP एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, श्रद्धालुओं से भरी पिकअप के उड़े परखच्चे, 6 की मौत, 15 घायल

