कानपुर में यूपी स्टेट क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप का आगाज; पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता में धामपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, नोएडा, कानपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 10:51 AM IST
कानपुर: शहर के द स्पोर्ट्स हब (TSH) में स्व. केके शर्मा मेमोरियल उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय क्लोज्ड स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 का आगाज हुआ. इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि अंजनीश प्रताप सिंह, उपायुक्त (उद्योग) ने किया. उन्होंने प्रतिभागी खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया.
कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन और द स्पोर्ट्स हब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस चैंपियनशिप को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिला. गलन भरी सर्दी के बीच टीएसएच के अत्याधुनिक स्क्वैश कोर्ट्स पर प्रदेश के उभरते और अनुभवी खिलाड़ी अपने खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं.
यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए न केवल खिताब जीतने का मंच है, बल्कि उनकी रैंकिंग सुधारने और खेल को निखारने का भी महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रहा है. पहले दिन 33 मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली.
अंडर-11 से लेकर अंडर-17 के मुकाबले: कानपुर स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा ने बताया चैंपियनशिप में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17, अंडर-19 बालक वर्ग, अंडर-17 बालिका वर्ग के साथ महिला और पुरुष वर्गों में नॉकआउट आधार पर मुकाबले खेले जा रहे हैं.
धामपुर, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, नोएडा, कानपुर, गाजियाबाद और आगरा सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता के निष्पक्ष और सुचारु संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर के अनुभवी निर्णायकों की तैनाती की गई है.
उद्घाटन अवसर पर यूपी स्क्वैश रैकेट एसोसिएशन के सचिव विनय पांडेय भी मौजूद रहे. कार्यक्रम में सुशील शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया. टीएसएच के डायरेक्टर ऑपरेशंस पीके श्रीवास्तव ने आभार व्यक्त किया.
पहले दिन के परिणाम
- धामपुर के उदयवीर भारती ने प्रयागराज के अंकित पटेल को 3-0 से हराया.
- वाराणसी के अनुज कुमार ने नोएडा के बृजेश को 3-0 से पराजित किया.
- वाराणसी के समर जैसलमेर ने वाराणसी के आर्यन प्रजापति को 3-1 से हराया.
- लखनऊ के अबीर खुल्लर ने धामपुर के सुफियान मोहम्मद को 3-0 से हराया.
- नोएडा के अर्जुन माहेश्वरी ने धामपुर के ऋषभ कुमार को 3-0 से पराजित किया.
- वाराणसी के अनूप कुमार ने नोएडा के बृजेश को 3-0 से हराया.
- कानपुर के तेजस्व दादिया ने धामपुर के उदय भारती को 3-0 से हराया.
- धामपुर के अरनव तोमर ने वाराणसी के अंकित कुमार को 3-0 से हराया.
- प्रयागराज के अभिषेक कुमार ने मिर्जापुर के धीरज पटेल को 3-0 से हराया.
- धामपुर के अंश कुमार ने धामपुर के वीर प्रताप को 3-0 से पराजित किया.
- वाराणसी के आर्यन प्रजापति ने प्रयागराज के कृष्णा जायसवाल को 3-1 से हराया.
- प्रयागराज के नीतीश पटेल ने प्रयागराज के अभिषेक कुमार को 3-1 से हराया.
- धामपुर के राघव वशिष्ट ने कानपुर आइआईटी के सौभाग्य राहा को 3-0 से हराया.
यह भी पढ़ें: फेस्टिव सीजन में अधिकारियों को सख्त हिदायत, CM योगी बोले- लापरवाही हरगिज बर्दाश्त नहीं

