हिमाचल चुनाव में बड़ी ट्विस्ट, 32 नामांकन खारिज, इन 6 सीटों पर नो कॉन्टेस्ट, करसोग के इस वार्ड में एक भी उम्मीदवार नहीं
हिमाचल शहरी निकाय चुनाव को लेकर नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. 1394 उम्मीदवारों के नामांकन वैध पाए गए हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 5, 2026 at 9:30 PM IST
शिमला: हिमाचल में शहरी निकाय चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. प्रदेश के 51 शहरी निकायों में होने वाले चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मुकाबले की तस्वीर धीरे-धीरे स्पष्ट होती नजर आ रही है. 29, 30 अप्रैल और 2 मई को तीन दिन भरे गए नामांकन पत्रों की जांच प्रक्रिया अब समाप्त हो चुकी है, जिससे यह साफ हो गया है कि चुनावी मैदान में कौन-कौन से उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं.
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, कुल 1426 नामांकन पत्र प्राप्त हुए थे. इनमें से जांच के दौरान 32 नामांकन पत्र त्रुटिपूर्ण पाए गए और उन्हें अस्वीकृत कर दिया गया. इस तरह अब 1394 उम्मीदवारों के नामांकन वैध माने गए हैं, जो विभिन्न शहरी निकायों में चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बनाएंगे. हालांकि, अंतिम तस्वीर अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है.
नामांकन वापसी की प्रक्रिया 6 मई को दोपहर 3 बजे तक चलेगी. इसके बाद ही यह तय होगा कि वास्तविक मुकाबला कितने उम्मीदवारों के बीच होगा. नामांकन वापसी के तुरंत बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह भी आवंटित कर दिए जाएंगे, जिससे चुनावी प्रचार को और गति मिलेगी.
कुछ वार्डों में सिर्फ एक उम्मीदवार
प्रदेश के 51 शहरी निकायों के लिए मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से होगा. इस बार कई स्थानों पर दिलचस्प स्थिति भी सामने आई है. कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां केवल एक ही उम्मीदवार ने नामांकन भरा है, जिससे उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है. इनमें जिला कुल्लू की नगर पंचायत बंजार का वार्ड नंबर 6, जिला मंडी की नगर पंचायत रिवालसर का वार्ड नंबर 1 और नगर पंचायत करसोग का वार्ड नंबर 1, जिला शिमला की नगर पंचायत नेरवा के वार्ड नंबर 2 और 6 व नगर पंचायत चिड़गांव का वार्ड नंबर 2 शामिल हैं.
इस वार्ड में एक भी आवेदन नहीं
वहीं, एक अनोखी स्थिति जिला मंडी की नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर 7 में देखने को मिली, जहां एक भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हुआ. ऐसे में इस वार्ड में चुनाव प्रक्रिया को लेकर आगे क्या निर्णय लिया जाएगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
बता दें कि राज्य निर्वाचन आयोग ने 21 अप्रैल को इन चुनावों की अधिसूचना जारी की थी. तय कार्यक्रम के अनुसार अब सभी प्रक्रियाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं. जैसे-जैसे नामांकन वापसी की अंतिम समय सीमा नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों की रणनीतियां भी स्पष्ट होती जा रही हैं. कुल मिलाकर इस बार शहरी निकाय चुनाव में इस बार कहीं सीधा मुकाबला, कहीं निर्विरोध जीत और कहीं उम्मीदवारों की अनुपस्थिति ने इस चुनाव को और भी दिलचस्प बना दिया है.
ये भी पढ़ें: भाजपा ने जिला परिषद चुनावों के लिए उम्मीदवार उतारे, यहां देखें सूची

