नवादा में युवाओं के लिए निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण, जल्द संपर्क करें, सीटें सीमित
नवादा के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है. आज से 30 दिवसीय निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण शुरू हो रहा है. ट्रेनिंग लेकर पाएं स्वरोजगार.

Published : February 24, 2026 at 6:55 AM IST
नवादा: बिहार के नवादा जिले में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है. पंजाब नेशनल बैंक द्वारा संचालित रूरल सेल्फ एम्प्लॉयमेंट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आरसेटी) में 23 फरवरी से 30 दिवसीय निशुल्क फास्ट फूड प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है. यह प्रशिक्षण युवाओं को स्वरोजगार या नौकरी के अवसर प्रदान करेगा है. महिला थाना के समीप स्थित इस संस्थान में यह पहल स्थानीय युवाओं के लिए एक सुनहरा मौका साबित हो सकती है।
फूड सेफ्टी और बिजनेस स्किल्स: प्रशिक्षण केवल खाना बनाना सिखाने तक सीमित नहीं रहेगा. इसमें फूड सेफ्टी, स्वच्छता, किचन प्रबंधन और हाइजीन जैसे महत्वपूर्ण मानकों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी. साथ ही, कस्टमर सर्विस स्किल्स, लघु व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी और जॉब प्लेसमेंट से जुड़े मार्गदर्शन भी प्रदान किया जाएगा. ये सभी पहलू युवाओं को व्यावहारिक जीवन में सफलता दिलाने में मदद करेंगे.
बैंक लोन और स्वरोजगार की सुविधा: प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इच्छुक युवाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए बैंक से ऋण प्राप्त करने की पूरी प्रक्रिया बताई जाएगी. आरसेटी के माध्यम से बैंक लिंकेज और वित्तीय सहायता आसानी से उपलब्ध कराई जाती है, जिससे प्रशिक्षित युवा अपना फास्ट फूड स्टॉल या छोटा व्यवसाय शुरू कर सकते हैं. यह पहल आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़ी हुई है और ग्रामीण युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने पर केंद्रित है.
प्रशिक्षण में क्या-क्या सिखाया जाएगा: प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न लोकप्रिय फास्ट फूड आइटम्स तैयार करने की कला सिखाई जाएगी, जिसमें पिज्जा, चाऊमीन, इडली, डोसा, सांभर और अन्य व्यंजन शामिल हैं. संस्थान के निदेशक सुनील कुमार के अनुसार, यह कोर्स पूरी तरह प्रायोगिक (प्रैक्टिकल) और सैद्धांतिक (थ्योरी) दोनों आधार पर होगा. इससे युवा न केवल व्यंजन बनाने में माहिर होंगे, बल्कि उन्हें सीधे बाजार में उतरने या नौकरी पाने की क्षमता भी मिलेगी.
"प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को पिज्जा, चाऊमीन, इडली, डोसा, सांभर सहित विभिन्न प्रकार के फास्ट फूड तैयार करना सिखाया जाएगा. प्रशिक्षण प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक दोनों आधार पर दिया जाएगा, ताकि युवा सीधे रोजगार या स्वरोजगार के लिए तैयार हो सकें."-सुनील कुमार, संस्थान के निदेशक
पात्रता और आवेदन की प्रक्रिया: इस प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का नवादा जिला का निवासी होना अनिवार्य है. आवेदन के समय राशन कार्ड, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज की पांच फोटो जमा करनी होंगी. चयन 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर होगा और एक बैच में लगभग 35 युवाओं को शामिल किया जाएगा. इच्छुक युवा जल्द से जल्द आरसेटी कार्यालय में संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं, क्योंकि सीटें सीमित हैं.
युवाओं के लिए क्यों महत्वपूर्ण है यह अवसर: आज के समय में फास्ट फूड उद्योग तेजी से बढ़ रहा है और होटल, रेस्टोरेंट तथा स्ट्रीट फूड बिजनेस में कुशल युवाओं की मांग बढ़ी है. यह 30 दिवसीय प्रशिक्षण न केवल हुनर प्रदान करेगा, बल्कि बेरोजगारी की समस्या से जूझ रहे नवादा के युवाओं को नई दिशा देगा. स्वरोजगार अपनाने वाले युवा अपना व्यवसाय शुरू कर परिवार और समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं.
ये भी पढ़ें-
बिहार में 10-25 फरवरी तक मेगा भर्ती, इतने पदों पर ऑन-स्पॉट होगी बहाली, जानें पूरी डिटेल

