गानवी खड्ड में बढ़ा जलस्तर, 3 पंचायतों का संपर्क मार्ग बंद, बढ़ी ग्रामीणों की मुश्किलें
पहाड़ों पर तेजी से बर्फ पिघलने के चलते रामपुर की गानवी खड्ड में अचानक पानी का बहाव बढ़ा.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 6, 2026 at 4:42 PM IST
रामपुर: शिमला जिले के रामपुर बुशहर क्षेत्र में गानवी खड्ड में जलस्तर अचानक बढ़ गया है. जिससे खड्ड के आसपास जनजीवन प्रभावित हो गया है. गर्मी के कारण ऊपरी इलाकों में बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिससे गानवी खड्ड में बहाव बहुत ज्यादा बढ़ गया और जलस्तर खतरनाक स्थिति तक पहुंच गया. गानवी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से गानवी, क्याओ और कुट पंचायत को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है.
जलस्तर बढ़ने से बढ़ी ग्रामीणों की दिक्कतें
वहीं, गानवी, क्याओ और कुट पंचायत का मुख्य संपर्क मार्ग बंद होने से आवाजाही लगभग थम गई है, जिससे स्थानीय लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी आ रही है, मरीजों और बुजुर्गों को खासतौर पर परेशानी उठानी पड़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल गर्मियों के दौरान बर्फ पिघलने से यहां खड्ड में पानी का स्तर बढ़ जाता है और इस तरह की स्थिति पैदा हो जाती है, लेकिन इस बार पानी का बहाव ज्यादा तेज है, जिससे हालात ज्यादा गंभीर हो गए हैं. ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानियों से बचा जा सके.

राजस्व विभाग ने लिया मौके का जायजा
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जैसे ही जलस्तर कम होगा, मार्ग को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खड्ड के आसपास न जाएं और सावधानी बरतें. साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करने की लोगों से अपील की गई है.
"गानवी खड्ड का जलस्तर बढ़ने से तीन पंचायतों का संपर्क मार्ग बंद हो गया है, इसकी जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. स्थिति का जायजा लेने के बाद बहाली का काम शुरू कर दिया गया है. मौके पर पीडल्ब्ल्यूडी और बिजली विभाग की दो जेसीबी तैनात कई गई हैं, ताकि जल्द मलबा हटाकर रास्ता बहाल किया जा सके." - हर्ष अमरेंद्र सिंह, एसडीएम रामपुर

मंडी से मंगवाए एक्स्ट्रा कलवर्ट
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि मार्ग की पुनर्स्थापना के लिए 6 एक्स्ट्रा कलवर्ट मंडी से मंगवाए जा रहे हैं, जो 8 जून तक यहां पहुंचने की उम्मीद है. इन कलवर्टों को लगाकर पानी के बहाव के लिए ज्यादा जगह बनाई जाएगी, जिससे भविष्य में ऐसी स्थिति से निपटा जा सके. हालांकि, स्थानीय प्रशासन ने यह भी आशंका जताई है कि अगर खड्ड का जलस्तर इसी तरह बढ़ता रहा, तो ये अस्थायी व्यवस्था ज्यादा समय तक टिक नहीं पाएगी. ऐसे में स्थायी समाधान की जरूरत महसूस की जा रही है. इस घटना से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और खड्ड के पास न जाने की अपील की है.

