हरियाणा के नूंह में टेंपो ने बाइक को मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत, ड्राइवर हादसे में घायल
दिल्ली अलवर मुख्य राजमार्ग 248 पर बाइक और टेंपो की भिड़ंत में तीन लोगों की मौत हो गई. वहीं टेंपो चालक की हालत गंभीर है.

Published : February 25, 2026 at 7:03 PM IST
नूंहः दिल्ली-अलवर मुख्य राजमार्ग पर सिटी थाना अंतर्गत गांव धमाला के पास अनियंत्रित टेंपो चालक ने बाइक में जोरदार टक्कर दे मारी, जिससे बाइक पर सवार तीन लोगों में से एक की मौत मौके पर ही हो गई. जबकि गंभीर रूप से दो घायलों की अस्पताल तक पहुंचने से पहले ही मृत्यु हो गई. वहीं टेंपो चालक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल है.
उमरा उमरी के थे तीनों बाइक सवारः प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली-अलवर राजमार्ग पर बड़कली की ओर से एक तेज रफ्तार टेंपो ने विपरीत दिशा से आ रहे बाइक में टक्कर मार दी. हादसे के समय बाइक पर 3 लोग सवार थे. बाइक पर सवार एक युवक सहित दो महिला गंभीर रूप से घायल हो गए. एक की मौके पर मौत हो गई. वहीं स्थानीय लोग 2 अन्य घायलों को अस्पताल लेकर जा रहे थे, अस्पताल जाने के रास्ते में उनकी मौत हो गई. मृतकों की पहचान नूंह के उमरा उमरी की बताई जा रही है.
फिर लील गई तीन जिंदगियां: लंबे समय से जिला मुख्यालय नूंह से लेकर राजस्थान बॉर्डर तक फोरलेन बनाने की मांग की जा रही थी. प्रदेश के मुख्यमंत्री से लेकर हरियाणा के सभी मंत्रियों के समक्ष इस मार्ग को बनाए जाने की मांग रखी गई थी. धरना-प्रदर्शन भी किए गए लेकिन फोरलेन नहीं बनने के चलते मेवात के जनमानस की लगातार क्षति होती रही है.
लंबे समय से फोर लेन की मांगः फजरूद्दीन बेसर डॉक्टर अस्पाक आलम, जफरुद्दीन, शिव मंदिर अध्यक्ष अनिल गोयल, सहित क्षेत्र के सामाजिक संगठन से जुड़े लोगों का कहना है कि "सरकार द्वारा हाल ही के दिनों में फोरलेन बनाने को लेकर टेंडर निकाला गया है लेकिन कार्य शुरू नहीं हो पाया है जिसके चलते लगातार इस रोड पर दुर्घटनाएं हो रही है जो क्षेत्र की जनमानस के लिए भारी क्षति है."

