बूंदी के लाखेरी में एसीसी लाइन पर मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं
स्टेशन यार्ड में शटिंग के दौरान यार्ड नंबर 8 लाइन पर अचानक तीन डिब्बे पटरी से उतर गए.

Published : February 22, 2026 at 6:37 PM IST
बूंदी: जिले के लाखेरी रेलवे स्टेशन की एसीसी लाइन पर रविवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया. स्टेशन यार्ड में शंटिंग के दौरान खाली मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के समय मालगाड़ी स्टेशन यार्ड से लाखेरी स्थित सीमेंट फैक्ट्री की ओर जा रही थी. हालांकि हादसा यार्ड के भीतर होने और डिब्बे खाली होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और मुख्य रेल संचालन भी प्रभावित नहीं हुआ.
कोटा रेल मंडल से जुड़े अधिकारी शिव शंकर शाह ने बताया कि यह हादसा शाम 4 बजे का बताया जा रहा है. हालांकि इससे रेलवे का कोई लेना–देना नहीं है. यह एसीसी फैक्ट्री की प्राइवेट लाइन है. वहीं, रेलवे सूत्रों के अनुसार मालगाड़ी के डिब्बों को यार्ड से आगे भेजने की प्रक्रिया चल रही थी. इसी दौरान शंटिंग करते समय यार्ड नंबर 8 लाइन पर अचानक तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे स्टाफ मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज आवाज के साथ डिब्बे एक ओर झुक गए. अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा मुख्य ट्रैक पर नहीं बल्कि यार्ड की लाइन में हुआ, इसलिए यात्री ट्रेनों के संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा. सभी ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार चलती रहीं.
पढ़ें: रींगस-श्रीमाधोपुर रेल कॉरिडोर पर बड़ा हादसा, चावल से लदी मालगाड़ी के 38 डिब्बे पटरी से उतरे
इसके बावजूद सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की लाइनों पर कुछ समय तक सतर्कता बरती गई. घटना के बाद कोटा से दुर्घटना राहत वाहन (एआरटी) और तकनीकी टीम को तुरंत लाखेरी के लिए रवाना किया गया. टीम द्वारा पटरी से उतरे डिब्बों को दोबारा ट्रैक पर चढ़ाने और तकनीकी जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गई. रेलवे इंजीनियरिंग और ऑपरेशन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की.
पढ़ें: सवाई माधोपुर में मालगाड़ी के चार डिब्बे हुए बेपटरी, विभागीय जांच के निर्देश
प्राथमिक जांच में शंटिंग के दौरान तकनीकी या ट्रैक से जुड़ी किसी गड़बड़ी की संभावना जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. अधिकारियों ने बताया कि रेलवे सुरक्षा मानकों के तहत मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें. घटना पूरी तरह नियंत्रण में है और रेल यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है.

