नौरादेही टाइगर रिजर्व में 15 दिन के भीतर बाघ का दूसरा हमला, महिला वनरक्षक और सुरक्षा श्रमिक घायल
मोहली रेंज की मोहली पश्चिम बीट में रविवार सुबह एक बाघ ने मोहली रेंज में महिला वनकर्मी और सुरक्षा श्रमिक पर किया हमला.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : July 5, 2026 at 9:06 PM IST
सागर: मध्य प्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व के भीतर 15 दिन में बाघों द्वारा इंसानों पर हमले का दूसरा मामला सामने आया है. रविवार सुबह एक बाघ ने मोहली रेंज में महिला वनकर्मी और सुरक्षा श्रमिक पर हमला कर दिया. इस घटना में सुरक्षा श्रमिक की बांयी जांघ पर बाघ ने अपने पंजे से हमला कर दिया, जिससे गहरा जख्म हो गया है. वहीं महिला वन रक्षक के बाएं पैर में बाघ के नाखून लगे हैं. बताया जा रहा है कि किसी शावक के पगमार्क देखे जाने के बाद दोनों उसकी लोकेशन पता करना चाह रहे थे, तभी बाघ ने हमला कर दिया.
मोहली रेंज की मोहली पश्चिम बीट में वन स्टाफ पर हमला
डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने बताया "आज मोहली रेंज की मोहली पश्चिम बीट में वन स्टाफ के द्वारा सुबह 8 बजे के लगभग मोटरसाइकिल से वाहन गश्ती की जा रही थी. गश्त के दौरान एक पगडंडी पर बाघ के छोटे पंजों के ताजा निशान मिले, तो उन्होंने वाहन की गति धीरे कर आसपास बाघ की उपस्थिति के चिह्न खोजने की कोशिश की. उनका अनुमान था कि बाघ सीधे हाथ की ओर होगा, इसलिए दोनों कर्मचारी धीरे-धीरे मोटरसाइकिल से आगे जा रहे थे.

तभी अचानकर बाईं ओर से एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया. बाघ के हमले के दौरान सुरक्षा श्रमिक बाबूलाल रैंकवार की बायीं जांघ को बाघ ने दांत से पकड़ने का प्रयास किया. इस दौरान बाघ के दांतों से बाबूलाल के बाईं जांघ में गहरा जख्म हो गया और बाघ के टकराने से मोटरसाइकिल सहित दोनों नीचे गिर गए. वनरक्षक श्रीमती मंजू ठाकुर के पैर में भी बाघ के नाखून के निशान लगे. उन्होंने तत्काल साथी कर्मचारियों को फोन लगाया.
- बांधवगढ़ में बाघों की दहाड़ से भरा सरकार का खजाना, पर्यटन से रिकॉर्ड 19.50 करोड़ की कमाई
- मध्य प्रदेश में टाइगर क्यों होने लगे आदमखोर? विशेषज्ञों को असली कारण पता चला
बाघ द्वारा वन स्टाफ पर हमला करने की सूचना मिलने पर तत्काल सुरक्षा श्रमिक एवं वनरक्षक का मौके पर जाकर रेस्क्यू किया गया और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रहली लाया गया. जहां से प्राथमिक उपचार के बाद वनरक्षक और सुरक्षा श्रमिक को जिला चिकित्सालय सागर में भेजा गया. जिला अस्पताल सागर में डॉक्टर ने उनका उपचार किया. दोनो की हालत बेहतर है. बाबूलाल के जांघ में गहरे जख्म के कारण उनका उपचार कुछ दिनों तक और चलेगा.
15 दिन में बाघ का दूसरा हमला
चिंताजनक पहलू ये है कि टाइगर रिजर्व के भीतर 15 दिन के अंदर ये बाघ का दूसरा हमला है. इससे पहले 22 जून को मोहली पटना गांव में बाघ ने सुबह-सुबह एक युवक को निशाना बनाया था. जिसकी पीठ और हाथ में गहरा घाव था. आज की घटना में बाघ ने वनकर्मियों को ही निशाना बना लिया. घटना के बाद नौरादेही टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा घटना स्थल के पास हाथियों के सघन गश्त कराकर बाघ के पहचान की कोशिश की जा रही है.

