ETV Bharat / state

बड़ी कार्रवाई : 297 टीमों ने 1422 ठिकानों पर दी दबिश, 327 असामाजिक तत्व गिरफ्तार

जयपुर रेंज के आठ जिलों में 1250 अधिकारियों-जवानों ने दी दबिश.

Police team raiding
दबिश देती पुलिस की टीम (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : March 2, 2026 at 3:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर: राजस्थान में जयपुर रेंज के आठ जिलों में सोमवार को पुलिस ने एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की. इन जिलों में 1250 पुलिस अधिकारियों और जवानों की 297 टीमों ने 1422 ठिकानों पर दबिश दी. इस दौरान 327 बदनाशों और असामाजिक तत्वों को पुलिस ने गिरफ्तार किया. आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और स्थानीय विशेष अधिनियम के तहत नए मुकदमे दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.

जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि जयपुर ग्रामीण, अलवर, दौसा, भिवाड़ी, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, सीकर और झुंझुनू में एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की गई.

एसपी ने बनाई सूची, तय किया रेड का रूट: सभी जिलों में एसपी ने गैंग से जुड़े गैंगस्टर्स, बदमाशों, आदतन अपराधियों, वांछित चल रहे अपराधियों के साथ ही स्थाई वारंटी और भगौड़ों की तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया. इससे पहले ऐसे बदमाशों की सूची तैयार कर रेड टीम और रेड रूट तय किया और एक साथ संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी. इस कार्रवाई में थानों के स्टाफ के साथ ही कार्यालयों, पुलिस लाइन, क्यूआरटी और आरएसी के जवान भी शामिल किए गए.

Police team in action
कार्रवाई करती पुलिस टीम (ETV Bharat Jaipur)

पढ़ें: एरिया डोमिनेशन: जयपुर रेंज में 48 घंटे में 1024 बदमाश गिरफ्तार, संपत्ति जब्त होगी

200 बदमाशों का डोजियर तैयार: आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि जयपुर रेंज में 327 वांछित बदमाशों, आदतन अपराधियों, असामाजिक तत्वों, फरार व इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया. करीब 200 चालानशुदा अपराधियों, हिस्ट्रीशीटर और आदतन अपराधियों से पूछताछ कर डोजियर तैयार किए गए. आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम और स्थानीय विशेष अधिनियम के तहत 12 नए मुकदमे दर्ज कर 32 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया.

अवैध रूप से उगाए अफीम के पौधे जब्त:आईजी ने बताया कि साल 2012 से करीब दर्जनभर स्टैंडिंग वारंटों में फरार चल रहे स्थाई वारंटी कमलेश उर्फ कमल को गिरफ्तार किया गया. आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम, हत्या व हत्या के प्रयास, लूट, डकैती जैसे जघन्य अपराधों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया. 28 स्थाई वारंटी, उद्घोषित अपराधी भी पकड़े गए. एक मुकदमा एनडीपीएस एक्ट में दर्ज कर डोडे लगे अफीम के 8,183 पौधे जब्त किए गए.

पढ़ें: एरिया डोमिनेशन: जयपुर में बदमाशों के ठिकानों पर तड़के पुलिस की छापेमारी, 700 संदिग्ध बदमाशों को पकड़ा

10 इनामी अपराधी भी पकड़े: आर्म्स एक्ट में दो मुकदमे दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और तीन देशी कट्टे जब्त किए गए. साथ ही विभिन्न मामलों में वांछित 10 इनामी अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया. बीएनएस की धारा 170 में 263 लोगों को गिरफ्तार किया गया. तीन लोगों को मोटर वाहन अधिनियम में गिरफ्तार किया गया. आबकारी अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज कर 13 लीटर अवैध हथकढ़ शराब जब्त की गई.

पढ़ें: एरिया डोमिनेशन: करौली जिले में पुलिस की छापेमार कार्रवाई, 108 आरोपियों को किया गिरफ्तार