248 साल पुराने तालाब हो रहे खाली, जहरीला हो चुका है पानी, लोग बोले- राहत मिलेगी
आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि हमारा प्रयास है कि मानसून से पहले इस काम को पूरा कर लिया जाएगा.

Published : June 1, 2026 at 5:42 PM IST
जोधपुर : भीतरी शहर के लिए कभी सबसे बड़े प्राकृतिक स्त्रोत रहे गुलाब सागर व फतेहसागर को पहली बार खाली करने की कवायद शुरू हुई है. बरसों से इन तालाबों में सीवरेज का पानी जमा होने से क्षेत्र में दुर्गंध हो रखी है. आस-पास के घरों की नीवों में पानी जाने लगा है. इस प्रयास से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद हैं. इसके लिए फतेहसागर को खाली करने का काम तेजी से चल रहा है. हालांकि, तालाब से निकल रहे पानी से दुर्गंध बढ़ रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य को देखते हुए अभी थोड़ा बहुत सहन करना पड़ेगा, क्योंंकि बरसों से गंदा पानी जमा होने से तालाब का पानी जहरीला हो चुका है.
हाल ही में विधायक अतुल भंसाली के प्रयास से यह काम शुरू हुआ है. इसके लिए बड़े-बड़े पंप लगाए गए हैं, जो दिन भर पानी को निकाल रहे हैं. यह पानी सड़क पर बहता हुआ बंबा मोहल्ला के आगे नाले में जा रहा है. वहीं, पानी निकासी सड़क पर होने से बाजार के व्यापारियों ने विरोध जताया हैं, लेकिन स्थानीय रहवासियों का कहना है कुछ दिन की परेशानी से बड़ी परेशानी का समाधान होना जरूरी है. अगर इस पानी को सिवरेज में डालते तो सब फूट जाती. नगर निगम के अधिकारी लगातार इसकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं. आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि हमारा प्रयास है कि मानसून से पहले इस काम को पूरा कर लिया जाएगा.
248 साल पुराना है फतेहसागर : जोधपुर के लोगों को पानी पिलाने के लिए तत्कालीन शासक विजय सिंह ने इसका निर्माण करवाया था. बारिश के बाद पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस तालाब तक पानी लाने के लिए बालसमंद झील से नहर भी बनाई हुई थी, लेकिन धीरे-धीरे नहर अतिक्रमण की चपेट में आ गई. नहर की जगह सीवरेज व दूसरा गंदा पानी इस तालाब में जमा होने लगा. 2005 एक बार थोड़ी बहुत सफाई हुई थी, लेकिन 20 सालों में इसके लिए कुछ नहीं हुआ. अब पूरा तालाब खाली करवाकर इसे साफ किया जाएगा.

10 दिन मेंं आधा खाली : फतेहसागर में 125 एमएलडी दूषित पानी भरा हुआ है, जबकि गुलाब सागर में 160 एमएलडी पानी है. इस हिसाब से करीब 28 करोड़ लीटर पानी है. फतेहसागर में 19 मई से काम शुरू हुआ है. यहां 100 हॉर्सपावर के पंप से पानी निकाला जा रहा है. करीब आधा पानी खाली हुआ है. इस तालाब में नीचे बहुत बड़ी मात्रा में स्लज जमा है. 10 जून तक पूरा खाली होने की उम्मीद है. इसके बाद गुलाबसागर का काम शुरू होगा, लेकिन वह खत्म होगा तब तक बारिश आने की संभावना ज्यादा है.

पढ़ें. ये जिद अच्छी है, तालाब जीवित रखने के लिए 10 साल से मुहिम चला रहे जीवराज
तीन तालाबों के लिए चार करोड़ : जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने बताया कि पहली बार जोधपुर शहर के गुलाबसागर, फतेहसागर व पदमसागर के जिर्णोद्धार के लिए 4 करोड़ 32 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं. इसके तहत फतेहसागर का काम शुरू हुआ है. यहां नगर निगम की देखरेख में यह काम हो रहा है. नगर निगम आयुक्त राहुल जैन का कहना है कि कोशिश की जा रही है कि बारिश से पहले यह काम पूरा हो जाए.


