ETV Bharat / state

इस पंचायत में 22 की उम्र में उप प्रधान की कुर्सी पर साहिल, युवाओं ने कहा- अब चलेगी नई सोच की सरकार

साहिल शर्मा को कुल 557 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रणवीर सिंह 529 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे.

22-year old Sahil Sharma wins Deputy Pradhan election
22 की उम्र में उप प्रधान बनने पर जश्न (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team

Published : May 31, 2026 at 12:12 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

हमीरपुर: पंचायत चुनावों में अक्सर अनुभवी और लंबे समय से राजनीति में सक्रिय चेहरे ही जीत की दौड़ में आगे नजर आते हैं, लेकिन बड़सर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बल्ह बिहाल में इस बार युवाओं ने इतिहास रच दिया है. महज 22 वर्ष की उम्र में साहिल शर्मा ने उप प्रधान पद का चुनाव जीतकर यह साबित कर दिया है कि अगर जनता का भरोसा साथ हो तो उम्र कभी भी नेतृत्व की राह में बाधा नहीं बनती.

बल्ह बिहाल पंचायत में उप प्रधान पद के लिए चार प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे थे. यहां मुकाबला बेहद रोचक रहा. मतगणना के दौरान हर राउंड में प्रत्याशियों के समर्थकों की धड़कनें तेज होती जा रही थी, आखिरकार युवा चेहरे साहिल शर्मा ने बाजी मार ली. साहिल को कुल 557 वोट पड़े, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रणवीर सिंह 529 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे. दोनों के बीच जीत-हार का अंतर 28 मतों का रहा. वहीं, रांझा राम को 423 और अशोक कुमार को 100 मत मिले.

चुनाव परिणाम घोषित होते ही पंचायत में जश्न का माहौल बन गया. समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ अपनी खुशी का इजहार किया. ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत के इतिहास में पहली बार इतनी कम उम्र का युवा उप प्रधान चुना गया है, जिससे नई उम्मीदें और नई ऊर्जा का संचार हुआ है. साहिल शर्मा की जीत को क्षेत्र में युवा शक्ति की जीत के रूप में देखा जा रहा है. ग्रामीणों का मानना है कि, युवा नेतृत्व पंचायत के विकास कार्यों में नई सोच और आधुनिक दृष्टिकोण लेकर आएगा. खास बात यह रही कि साहिल को महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सभी वर्गों का भरपूर समर्थन मिला.

जीत के बाद साहिल शर्मा ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि, "यह मेरी व्यक्तिगत जीत नहीं बल्कि पूरी पंचायत के विश्वास और आशीर्वाद की जीत है. पंचायत की माता-बहनों, युवा साथियों और बुजुर्गों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें चुना है, वह उस विश्वास को कभी टूटने नहीं देंगे. मेरी पहली प्राथमिकता पंचायत के विकास कार्यों को गति देना, युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना और जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान करना होगा."

साहिल शर्मा ने भरोसा दिलाया कि पंचायत के हर वार्ड और हर परिवार तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए वह पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे. बल्ह बिहाल पंचायत में साहिल शर्मा की यह जीत केवल एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि इस बात का संकेत भी है कि अब ग्रामीण राजनीति में युवाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है. जनता ने भी साफ संदेश दिया है कि वह नए विचारों, नई ऊर्जा और विकास के प्रति समर्पित नेतृत्व को आगे बढ़ाने के लिए तैयार है. 22 वर्षीय साहिल शर्मा की यह सफलता आने वाले समय में क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन सकती है.

ये भी पढ़ें: पूर्व HAS घनश्याम चंद संभालेंगे प्रधान पद की कमान, रिटायरमेंट के बाद ग्रामीण राजनीति में खेलेंगे नई पारी

ये भी पढ़ें: भाजपा विधायक आशीष शर्मा के चाचा ने हासिल की जीत, कुलदीप पठानिया के बेटे को भारी अंतर से हराया