पानीपत में पार्टी से लौटकर 21 वर्षीय युवक ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
पानीपत में अपने दोस्त के पिता की रिटायरमेंट पार्टी से लौटकर एक युवक ने खुदकुशी कर ली.

Published : May 2, 2026 at 6:53 PM IST
पानीपत: जिले के बडौली गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब खेतों में बने ट्यूबवेल के कोठे में 21 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला. आशंका है की युवक ने खुदकुशी की है. घटना की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
दोस्त के पिता की रिटायरमेंट पार्टी से लौट था युवकः जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बडौली गांव निवासी 21 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि विशाल कुछ ही देर पहले अपने दोस्त के पिता की रिटायरमेंट पार्टी से लौटकर आया था. इसके बाद वह खेतों की ओर चला गया, जहां ट्यूबवेल के कोठे में खुदकुशी कर लिया.
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचनाः सुबह जब ग्रामीणों की नजर कोठे पर पड़ी तो अंदर का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए. घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना के बाद गांव में शोक की लहर है. परिजन और ग्रामीण इस अचानक हुई मौत से स्तब्ध हैं. हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि एक जवान युवक ने इतना बड़ी कदम उठा लिया.
क्या बोले पुलिस अधिकारीः डीएसपी सतीश कुमार ने बताया कि "यह थाना सदर क्षेत्र की घटना है. लड़के ने खुद एक वीडियो बनाया है, जिसमें वह खुद से परेशान होने की बात कह रहा है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम करवा दिया गया है. अगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी."
परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहींः उन्होंने आगे कहा कि "अभी तक परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है. जांच जारी है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी. यदि परिवार की ओर से कोई शिकायत आती है तो उसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी." फिलहाल यह मामला आत्महत्या और अन्य संभावनाओं के बीच उलझा हुआ है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है, लेकिन एक परिवार का चिराग बुझने से पूरे गांव में गम और सवालों का माहौल बना हुआ है.

