चोरों की लग गई लाइन, 21 तक पहुंची गिनती, बाइकर्स गैंग का खत्म हुआ आतंक
डेढ़ टन चोरी का माल लखनपुर थाना पुलिस ने बरामद किया.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : February 13, 2026 at 6:54 AM IST
सरगुजा: लखनपुर के अमेरा कोयला खदान में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ सरगुजा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की. एसईसीएल की शिकायत पर पुलिस ने खदान क्षेत्र में छापा मारा. इस दौरान पुलिस ने कोयला चोरी में लगे 21 लोगों को पकड़ने में सफलता हासिल की. इसके साथ ही पुलिस ने आरोपियों से डेढ़ टन अवैध कोयला, 13 साइकिल, 19 बाइक समेत 6 लाख का सामान जब्त किया. पुलिस ने कोयला चोरी करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
कोयला चोरों की लग गई लाइन
दरअसल, लखनपुर थाना क्षेत्र में अमेरा कोयला खदान है. यहांं आस पास से ग्रामीणों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर सालों से कोयला चोरी की जा रही थी. 200 से अधिक बाइक लेकर चोर गिरोह खदान परिसर में प्रवेश करते थे, दबंगई दिखाते हुए कोयले की चोरी करते थे. यदि खदान परिसर में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों द्वारा कोयला चोरी रोकने की कोशिश की जाती तो वो चोर मारपीट पर उतर आते.

डेढ़ टन चोरी का माल भी बरामद
कोयला चोरी करने वाले ग्रामीणों द्वारा गिरोह बनाकर खदान परिसर में प्रवेश करने के कारण एसईसीएल प्रबंधन भी बेबस था. कोयला चोरी से प्रबंधन को प्रतिदिन लाखों का नुकसान हो रहा था. ऐसे में सरगुजा पुलिस ने कोयला चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की. एसएसपी और डीआईजी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई अमेरा खदान क्षेत्र में छापा मारा. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 1.5 टन कोयला, 13 साइकिल, 19 बाइक समेत 6 लाख का सामान जब्त किया.

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 329(3), 303(2), 112(2) के तहत गिरफ्तारी की कार्रवाई की और उनको जेल भेजा. इसके साथ ही पुलिस ने खदान के पास अवैध कोयला खनन के लिए गए गड्ढों को जेसीबी से भरवा दिया.
बाइकर्स गैंग दे रहा था कोयला चोरी की वारदातों को अंजाम
लखनपुर पुलिस ने बताया कि ग्रामीण बाइक लेकर खदान में घुसते थे और कोयला चोरी कर एक स्थान पर जमा करते थे. उसके बाद चोरी के कोयले को आस पास के ईंट भट्ठों तक पहुंचाया जाता था. कोयला निकालने के लिए खदान के अतिरिक्त नदी के मुहानों पर बड़े बड़े गड्ढे खोदे गए थे. तस्कर कोयला निकालने के बाद घरों में भी इसका भंडारण कर रहे थे. भंडारण के बाद चोर पिकअप समेत अन्य भारी वाहनों से कोयला की तस्करी कर उसको खपाते थे. बड़ी बात यह है कि इन कोयला चोरों को बड़े कोयला तस्करों द्वारा बाइक उपलब्ध कराया जाता था. 200 से अधिक बाइक चोर खदान में घुस कर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे. ये सिलसिला सालों से चल रहा था.

