निकाय चुनाव 2026: जोधपुर में 905 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग, एक केंद्र पर 1400 से ज्यादा वोटर नहीं होंगे
19 अगस्त को राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय चुनाव की घोषणा की थी.

Published : August 21, 2026 at 7:41 PM IST
जोधपुर/बाड़मेर: जिले के नगरीय निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी. जिले में कुल 275 वार्डों के लिए दो चरण में चुनाव होंगे. इसके लिए 905 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे. जिले में 1400 से ज्यादा मतदाता किसी मतदान केंद्र पर नहीं होगे. ज्यादा होने पर अतिरिक्त केंद्र बनेंगे. अभी तक 11 अतिरिक्त मतदान केंद्र बनना तय हैं. 19 अगस्त को राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव की घोषणा की थी. इसके साथ ही आचार संहिता लागू हो गई. उधर, बाड़मेर में भाजपा ने चुनावी कमर कसते हुए वार्ड संयोजक एवं प्रभारी नियुक्त किए.
जोधपुर में जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मतदान में युवाओं की भागीदारी ज्यादा से ज्यादा हो, इसके प्रयास किए जाएंगे. जिले में मई 2026 तक कुल 8 लाख 27 हजार 139 मतदाता हैं. इनमें 4,22,580 पुरुष और 4,04,526 महिलाएं और 33 ट्रांसजेंडर मतदाता है. अंतिम सूची नामांकन से पहले जारी होगी.
27 से नामांकन शुरू: कलेक्टर ने बताया कि जिले में 27 अगस्त को अधिसूचना के साथ नामांकन शुरू होंगे. नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त है. 3 सितंबर तक नाम वापसी होगी. जोधपुर नगर निगम के लिए 11 सितंबर को मतदान होगा, जबकि बिलाड़ा, पीपाड़, बालेसर, भोपालगढ़, मथानिया और तिंवरी नगरपालिका के लिए 9 सितंबर को मतदान होगा. 14 सितंबर को मतगणना होगी. 21 को मेयर और अध्यक्ष का निर्वाचन और 22 सितंबर को उपाध्यक्ष और डिप्टी मेयर का चुनाव होगा.
मतदाता सूची शुद्धिकरण आवेदन का समय खत्म: कलेक्टर ने बताया कि जिले में मतदाता सूचियों के शुद्धिकरण का काम चल रहा है. इसके तहत 21 अगस्त तक आवेदन लिए जा रहे हैं. इसके बाद नाम जुड़वाने और शुद्धिकरण का कार्य के लिए आवेदन नहीं लिए जाएंगे. कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम तय किया जा रहा है. पहले प्रशिक्षण जिला मुख्यालय पर होगा जबकि दूसरा प्रशिक्षण संबंधित निकाय क्षेत्र में होगा. मतगणना संबंधित निकाय क्षेत्र में ही होगी.
बाड़मेर में भाजपा का फोकस जिताऊ तथा टिकाऊ उम्मीदवार पर: उधर, बाड़मेर में शुक्रवार को भाजपा ने नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रभारी नरेंद्र सिंह कच्छवाह एवं जिलाध्यक्ष अनंतराम विश्नोई ने वार्ड संयोजक एवं प्रभारी नियुक्त किए. बाड़मेर भाजपा की जिला संगठन तथा शहर के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई. जिला संगठन प्रभारी कच्छवाह ने पूरी ताकत के साथ कार्यकर्ताओं को चुनावी समर में कूदने का आह्वान किया. उन्होंने कहा, बीते 15 साल से बाड़मेर नगर परिषद का बोर्ड भ्रष्टाचार में डूबा है. आम आदमी दुखी तथा व्यथित है. ऐसे समय में वह भाजपा से आस लगाए है. संगठन सहसंयोजक महेश बी चौहान एवं जिलाध्यक्ष अनंतराम बिश्नोई ने भी संबोधित किया. बिश्नोई ने कहा कि प्रत्याशी चयन में जिताऊ तथा टिकाऊ उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी. पूर्व सांसद कर्नल मानवेंद्रसिंह जसोल ने कहा, अब समय आ गया कि हम बाड़मेर की नगर परिषद में अपना बोर्ड बनाएं. जनता पूरी तरह तैयार है. हमें वोट की चोट से नगर परिषद पर भाजपा का अध्यक्ष बैठाना है. निकाय चुनाव प्रभारी प्रताप सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलीप पालीवाल,पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष स्वरूपसिंह खारा एवं दीपक कड़वासरा ने भी संबोधित किया.

