SIR Jodhpur: 2 लाख मतदाताओं के नाम कटे, गहलोत की सीट सरदारपुरा से सर्वाधिक हटाए
एसआईआर से पूर्व जिले की आठ विधानसभाओं में कुल 23,01,052 मतदाता थे. अब 20,97,971 मतदाता रह गए.

Published : February 21, 2026 at 3:53 PM IST
जोधपुर: जिले में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) पूरा हो गया. जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने शनिवार को मतदाता सूचियों का प्रकाशन कर दिया. जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने बताया कि जिले में अब 20,97,971 मतदाता हैं. इनमें पुरुष 10,92,841 एवं महिला 10,05,097 तथा 33 ट्रांसजेंडर हैं. पूर्व में प्राप्त समस्त फॉर्म तथा दावे-आपत्तियां प्राप्त कर निस्तारण के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया. एसआईआर से पूर्व जिले की आठ विधानसभाओं में कुल 23,01,052 मतदाता थे. 16 दिसंबर को परिक्षण के बाद जारी सूची में 20,43,521 मतदाता थे. इसके बाद 52 हजार से अधिक आवेदन मिले, जिसके बाद यह संख्या 20,97,971 हुई.
जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा कि जोधपुर में नवंबर में शुरू हुई एसआईआर के बाद से अब तक कुल दो लाख तीन हजार 381 मतदाताओं के नाम कटे हैं. सरदारपुरा से सर्वाधिक 51,071 वोटर्स के नाम कटे हैं. इसके अलावा सूरसागर में 43,554, जोधपुर शहर में 29,866 और लूणी में 39,453 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए. यहां बताते चलें कि सरदारपुरा पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का निर्वाचन क्षेत्र है.
पढ़ें:SIR में वोटर नाम कटवाने में कांग्रेस भाजपा से कई गुना पीछे, आयोग ने जारी किए फाइनल आंकड़े
अभी भी अपील का प्रावधान: कलेक्टर ने बताया कि मतदाता सूची में अपने नाम को लेकर कोई भी व्यक्ति प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष अन्तिम प्रकाशन दिनांक से 15 दिवस तथा जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान को जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के 30 दिवस में प्रस्तुत कर सकते हैं. ऐसे में आने वाले समय में मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़ सकती हैं. इसके अलावा नए मतदाता जुड़ने का काम भी जारी रहेगा.
राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई कॉपी: कलेक्टर ने अंतिम सूची का प्रकाशन कर शनिवार को ही बैठक कर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची 2026 की सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी उपलब्ध करवाई है. यह सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO),मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की बेवसाइट https://election.rajasthan.gov.in तथा https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन उपलब्ध है. कोई भी मतदाता इस सूची में अपना नाम ऑनलाइन EPIC सर्च के माध्यम से देख सकता है.


