ETV Bharat / state

सड़क किनारे बैठ खा रही थीं खाना, तेज रफ्तार कार ने 14 महिला मजदूरों को रौंदा, दो की मौत

जबलपुर-बरेला मार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना. हिट एंड रन की घटना में एक दर्जन महिलाएं गंभीर रूप से घायल.

Jabalpur road accident
जबलपुर-बरेला मार्ग पर सड़क हादसा (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : January 18, 2026 at 9:00 PM IST

|

Updated : January 18, 2026 at 9:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जबलपुर: बरेला थाना इलाके में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला. यहां सड़क किनारे बैठ कर खाना खा रही महिला मजदूरों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया. हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई जबकि 12 घायल हो गईं. घायलों में छह की हालत गंभीर है. हादसा इतना भयानक था कि इसे देखने के बाद आसपास काम कर रहे लोग क्रोध में आ गए और पूरे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई.

जबलपुर-बरेला मार्ग पर हुई तेज रफ्तार कार ने मजदूरों को रौंदा

यह हादसा बरेला थाना क्षेत्र के एकता चौक पर दोपहर करीब 2 बजे हुआ. यहां भोजन कर रही महिला मजदूरों के समूह को तेज रफ्तार कार ने रौंदा दिया. जबलपुर-बरेला मार्ग पर हुई इस हिट एंड रन की घटना में दो महिला मजदूरों की मौत हो गई और एक दर्जन महिला मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं.

जानकारी के अनुसार जबलपुर-मंडला रोड स्थित सिग्मा सिटी के सामने सड़क किनारे लगी लोहे की ग्रिल में मजदूर पेंट करने का कार्य कर रहे थे. महिला मजदूरों का समूह दोपहर लगभग दो बजे संयुक्त रूप से सड़क किनारे बैठकर भोजन कर रहा था. इसी दौरान बरेला से जबलपुर की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार के चालक ने मजदूरों के समूह को रौंद दिया. हादसे के बाद चालक कार लेकर जबलपुर की तरफ भाग गया. सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया.

हादसे में दो महिलाओं की मौत, छह घायलों की हालत गंभीर

मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार के दौरान चैनवती(35) और लच्छो बाई(38) की मौत हो गई. घायलों में गोमती बाई(40) राजकुमारी (37), वर्षा बाई(39), कृष्णा बाई(41), अकलवली(36), प्रभावती(40), मीरा बाई(38), जमुना बाई(35), ज्ञानवती (41), भगवती बाई (37), लक्ष्मी बाई (39) तथा छोटी बाई (36) का उपचार जारी है. इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है.

घटना की जानकारी मिलते ही घायलों से मिलने पहुंचे जिला कलेक्टर तथा पुलिस अधीक्षक

पुलिस ने पंचनामा के बाद दोनों मजदूरों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया. पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए उसके संबंध में पलासाजी प्रारंभ कर दी है. घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह तथा पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने अस्पताल पहुंचकर घायल महिलाओं से मुलाकात की और उपचार के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पल्लवी शुक्ला ने बताया “थाना बरेला अंतर्गत हाईवे के टोल नाके के पास एक सफेद रंग की बिना नंबर की कार एक्सीडेंट करते हुए भाग गई है इसमें 13 लोग घायल हुए हैं. इनमें लच्छो बाई और चैनवती की मृत्यु हो गई है. सभी को मज़दूरों को मेडिकल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है. इन सभी को काम करने के लिए ठेकेदार लेकर आया था.”

Last Updated : January 18, 2026 at 9:09 PM IST