झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश में मौत, दोस्तों संग गए थे घूमने
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के 19 वर्षीय पोते, वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है.

Published : February 25, 2026 at 10:22 AM IST
|Updated : February 25, 2026 at 10:43 AM IST
सरायकेला: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से एक अत्यंत ही दुखद खबर सामने आ रही है. उनके पोते वीर सोरेन की हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. वीर सोरेन बाहर रहकर अपनी पढ़ाई पूरी कर रहे थे.
वीर सोरे का शव बुधवार दोपहर को मनाली से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया. परिजन शव लेकर विमान से दिल्ली के लिए रवाना हुए. पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन भी साथ हैं. उन्होंने मनाली में सारी औपचारिकताएं पूरी की.
नहीं हुआ पोस्टमार्टम
परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया, इसी वजह से शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ. जिसके बाद प्रशासन ने सारी कानूनी औपचारिकताएं पूरी की. मृतक के साथ आए दोस्तों और परिजनों के बयान दर्ज किए और फिर शव को परिजनों को सौंप दिया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वीर सोरेन मंगलवार को अपने मित्रों के साथ कुल्लू घूमने गए थे. बताया जा रहा है कि बर्फ में स्केटिंग का आनंद लेने के बाद जब वे वापस होटल लौटे, तो अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. स्थिति इतनी तेजी से खराब हुई कि उन्हें अस्पताल ले जाने तक का समय नहीं मिल सका और होटल में ही उन्होंने अंतिम सांस ली. हालांकि, मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी शेष है.
परिवार में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन गहरे सदमे में हैं. वे अपने पुत्रों के साथ मंगलवार देर रात ही रांची से हवाई मार्ग द्वारा दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं, जहां से वे कुल्लू पहुंचेंगे. चंपाई सोरेन के पैतृक गांव में चल रहे सभी पारंपरिक कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है. चंपई सोरेन के गांव झिलिंगगोड़ा सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है.
परिवार की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है: "अत्यंत दुःख के साथ सूचित करते हैं कि हमारे प्रिय वीर सोरेन का 24 फरवरी 2026 को असामयिक निधन हो गया है. हिमाचल प्रदेश के मनाली में अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. वीर के जाने से हमारा परिवार बिखर गया है".
यह भी पढ़ें:
झारखंड विमान हादसा: पिता की हत्या के बाद संजय ने संभाला था घर, एक झटके में बिखर गया परिवार
खूंटी में भीषण सड़क हादसा, पिकनिक से लौट रहे दो पादरियों की मौत, तेज रफ्तार बनी कारण
हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, पश्चिम बंगाल QRT के दो सदस्यों की मौत

