कार से पकड़ा 180 किलो सिंथेटिक पनीर, जिसे खैरथल-तिजारा में 170 रुपए प्रति किलो बेचना था
यह पनीर हरियाणा के नूह मेवात से लाया जा रहा था. मार रहा था बदबू.

Published : February 25, 2026 at 12:22 PM IST
अलवर: होली का त्योहार नजदीक आने के साथ ही जिले में मिलावटी खाद्य वस्तुओं की बिक्री में तेजी की आशंका को देखते खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच की करवाई तेज कर दी. खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को खैरथल-तिजारा जिले के किशनगढ़ बास में 180 किलो दूषित एवं सिंथेटिक पनीर नष्ट कराया. यह पनीर हरियाणा के नूह मेवात से लाकर अलवर एवं खैरथल-तिजारा जिले में बेचने की तैयारी थी.
खैरथल-तिजारा जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत यादव ने बताया कि मेवात क्षेत्र से बुधवार सुबह मिलावटी और सिंथेटिक पनीर किशनगढ़ एवं खैरथल में 170 रुपए प्रतिकिलो में बिकने आने की सूचना मिली. इस आधार पर विभागीय टीम ने एक कार को जांच के लिए रुकवाया. इस गाड़ी में पांच पेटियों में करीब 180 किलो सिंथेटिक पनीर मिला. इसके सैंपल लेकर मोबाइल टेस्टिंग वैन पर जांच की.
खाद्य सुरक्षा अधिकारी यादव ने बताया कि गाड़ी के ड्राइवर से पूछा तो पता लगा कि यह पनीर किशनगढ़ कस्बे के अलावा अन्य जगहों पर भी 170 रुपए किलो में बेचा जाता है. पनीर से दुर्गंध आ रही थी. टीम ने मौके पर ही 180 किलो सिंथेटिक मिलावटी व बदबूदार पनीर नष्ट कराया. पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए आगे भिजवाए.

नूह मेवात से लाए: खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि वाहन के ड्राइवर ने बताया कि मिलावटी पनीर हरियाणा के नूह मेवात से लाया था. इसे खैरथल व आसपास जिले में खपाने की तैयारी थी.
पढ़ें: जयपुर में चिकित्सा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 550 किलो मिलावटी पनीर पकड़ा

