ETV Bharat / state

दिल्ली में बेखौफ बदमाश! अब त्रिलोकपुरी में 17 वर्षीय छात्र की पीट-पीटकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस

दिल्ली के त्रिलोकपुरी इलाके से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 17 वर्षीय छात्र की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई.

त्रिलोकपुरी में छात्र की हत्या
त्रिलोकपुरी में छात्र की हत्या (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Delhi Team

Published : January 6, 2026 at 1:23 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

नई दिल्ली: दिल्ली के यमुना पार इलाके में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. लक्ष्मी नगर में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या और वेलकम इलाके में युवक की चाकू मारकर हत्या के बाद अब त्रिलोकपुरी इलाके से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 17 वर्षीय छात्र की लड़कों के एक समूह ने पीट पीट कर हत्या कर दी. इस घटना ने पूर्वी दिल्ली की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इलाज के दौरान छात्र की मौत

दिल्ली पुलिस के मुताबिक सोमवार रात को थाना मयूर विहार को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल से सूचना मिली कि एक युवक को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है, जिसे मारपीट के बाद बेहोशी की हालत में लाया गया है. घायल छात्र इंद्रा कैंप का रहने वाला है, जो कक्षा 11 में पढ़ता है. प्राथमिक इलाज के बाद उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

छात्र की मौत पर दादी ने कही ये बातें (ETV Bharat)

छात्र की बेरहमी से पिटाई

डीसीपी ईस्ट अभिषेक धनिया ने बताया कि जांच के दौरान एक प्रत्यक्षदर्शी ने पुलिस को बताया कि मृतक का इलाके के ही एक नाबालिग से पहले से विवाद चल रहा था. घटना वाले दिन जब छात्र अपने दोस्तों के साथ त्रिलोकपुरी इलाके में मौजूद था, तभी लड़कों के एक समूह से उसकी कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई और उस पर लगातार लात-घूंसे बरसाए. जमीन पर गिरने के बाद भी उसे बेरहमी से पीटा गया. बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक के साथ भी मारपीट की गई.

मारपीट के दौरान छात्र बेहोश हो गया. इलाज के दौरान देर रात करीब 1 बजकर 15 मिनट पर जीटीबी अस्पताल से सूचना मिली कि उसने दम तोड़ दिया है. इसके बाद पुलिस ने थाना मयूर विहार में एफआईआर दर्ज की, जिसमें भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराएं लगाई गई हैं और मामले की जांच शुरू की गई.

छात्र की मौत पर डीसीपी का बयान

डीसीपी अभिषेक धनिया के अनुसार, घटना के बाद क्राइम टीम और एफएसएल ने मौके पर पहुंचकर जांच की. अब तक की जांच में सामने आया है कि इस वारदात में शामिल सभी छह आरोपी नाबालिग हैं और उन्हें हिरासत में ले लिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मौत के सही कारणों को लेकर डॉक्टरों की अंतिम राय का इंतजार किया जा रहा है. वहीं, मृतक के दादी ने बताया कि कुछ लड़के छात्र को बुलाकर ले गए थे. जहां उसके साथ मारपीट की गई. पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: