पटना में 12वीं छात्रा की मौत, परिवार का आरोप- 'कोचिंग की चौथी मंजिल से फेंका'
पटना में कोचिंग जाने निकली 12वीं की छात्रा का शव बरामद हुआ है. हत्या की आशंका व्यक्त की गई है. पढ़ें खबर


Published : February 12, 2026 at 7:34 PM IST
पटना : बिहार की राजधानी पटना से गुरुवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया. फुलवारी शरीफ इलाके में 12वीं की एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थिति में बरामद किया गया है. मृतका की पहचान पिंकी कुमारी (17 वर्ष) के रूप में हुई है, जो फुलवारी शरीफ की रहने वाली बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.
क्या है मामला? : परिजनों के अनुसार, पिंकी कुमारी रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 8 बजे घर से कोचिंग जाने के लिए निकली थी. लेकिन वह कोचिंग सेंटर तक नहीं पहुंच सकी. कुछ ही दूरी पर एम्स गोलंबर के पास स्थित हरी नगर कॉलोनी क्षेत्र में उसका शव मिला. स्थानीय लोगों ने शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की.

'हत्या कर छत से फेंका' : मृतका के परिजनों ने घटना को हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि ''पहले छात्रा की हत्या की गई और उसके बाद साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसे चौथे फ्लोर से नीचे फेंका गया.'' परिजन इस मामले में सख्त कार्रवाई और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.
FSL ने जुटाए साक्ष्य : मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने घटनास्थल को घेरकर जांच की प्रक्रिया शुरू कर दी है. फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. आसपास के इलाके की घेराबंदी कर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि छात्रा की गतिविधियों और संदिग्ध लोगों की पहचान की जा सके.
दिनांक 12.02.2026 को #फुलवारीशरीफ थानांतर्गत एम्स गोलंबर के समीप एक बच्ची की छत से गिरने से मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई।
— Patna Police (@PatnaPolice24x7) February 12, 2026
सूचना पर पुलिस द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच प्रारंभ की गई। शव की पहचान करते हुए उसे पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भेजा गया है।
घटनास्थल से साक्ष्य… pic.twitter.com/5nWI8KIcXM
''प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा. फिलहाल पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे कुछ युवकों की पहचान भी की जा रही है.''- सुशील कुमार, एसडीपीओ, फुलवारी शरीफ
हर एंगल को पुलिस खंगाल रही : पुलिस कोचिंग संस्थान के संचालक, छात्रा के दोस्तों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. छात्रा किन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंची और उसके साथ क्या हुआ, इसे लेकर पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
लोगों में गुस्सा : घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है. लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की है. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच तेजी से की जा रही है और दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा.
ये भी पढ़ें :-
पटना में अब बैंक मैनेजर का मिला शव, सूखे कुएं में पड़ी थी लाश

