ETV Bharat / state

पूर्वी सिंहभूम के बाद अब रांची के तमाड़ में मलेरिया का आउटब्रेक! स्क्रीनिंग में 17 लोग निकले पॉजिटिव

रांची के बेलबेड़ा गांव में मलेरिया के 17 नए केस मिले हैं.

Malaria outbreak in Tamar of Ranchi
रांची के तमाड़ में मलेरिया का आउटब्रेक! (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : July 2, 2026 at 8:49 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: अभी पूर्वी सिंहभूम के पोटका प्रखंड के कई गांव में फैले मलेरिया के मामलों को स्वास्थ्य विभाग काबू भी नहीं कर पाया था कि रांची जिले के तमाड़ प्रखंड के 10 टोलों में मलेरिया के आउट ब्रेक की खबर आ गई. दरअसल, रांची जिले के तमाड़ प्रखंड स्थित बेलबेड़ा गांव में मलेरिया संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सक्रिय और अलर्ट हो गया है.

मेडिकल की संयुक्त टीम ने प्रभावित इलाके का दौरा किया

स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्र की निगरानी कर रही है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई स्तरों पर कार्रवाई कर रही है. गुरुवार को सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार, वेक्टर बॉर्न डिजीज (VBD) अधिकारी तथा आईडीएसपी (IDSP) की संयुक्त टीम ने प्रभावित इलाके का दौरा करके हालात का जायजा लिया.

स्क्रीनिंग के दौरान मिले 17 मलेरिया संक्रमित

रांची सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की टीम द्वारा 27 जून से ही प्रभावित क्षेत्र में घर-घर स्वास्थ्य सर्वेक्षण शुरू कर दिया था, इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है. सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि जिन स्क्रीनिंग के दौरान, जो 17 मलेरिया संक्रमित मिले हैं, उसमें से ज्यादातर मलेरिया के खतरनाक प्रकार प्लाज्मोडियम फैल्सीफेरम (PF) संक्रमित हैं, जो एडवांस रूप में ब्रेन मलेरिया जैसा घातक हो जाता है.

51 लोगों की स्क्रीन में 17 निकल गए मलेरिया पॉजिटिव

रांची के सिविल सर्जन ने तमाड़ के प्रभावित गांव का जायजा लेने के बाद रांची लौटने पर कहा कि जांच के दौरान अभी तक कुल 51 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है, जिनमें 17 लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए हैं. इनमें दो मरीजों में बीमारी के लक्षण दिखाई दिए हैं जबकि 15 में अभी तक बीमारी का कोई लक्षण नहीं आया है. सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि उस पूरे इलाके में कुल 1,327 लोगों की निगरानी की जा रही है.

आईडीएसपी द्वारा मलेरिया संबंधी अलर्ट जारी

वर्तमान स्थिति में 25 लक्षणयुक्त और 150 लक्षणहीन मामलों की पहचान हो चुकी है. स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि आईडीएसपी द्वारा पहले ही मलेरिया संबंधी अलर्ट जारी कर दिया गया है. सिविल सर्जन ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि वह अफवाहों या भय का शिकार न हो, किसी भी प्रकार के बुखार, कमजोरी या अन्य लक्षण महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें और स्वास्थ्यकर्मियों का सहयोग करें. विभाग का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और लगातार निगरानी की जा रही है.

ये भी पढे़ें- स्वास्थ्य विभाग अलर्ट: पूर्वी सिंहभूम में ब्रेन मलेरिया से मौत के बाद सभी उपायुक्तों को सख्त निर्देश

पूर्वी सिंहभूम में ब्रेन मलेरिया का कहर! डॉक्टर ने कहा- जागरूकता की कमी की वजह से हुई हैं मौतें

पोटका में ब्रेन मलेरिया का कहर, 72 घंटे में चार बच्चों की मौत, एक ही परिवार ने खोई दो बेटियां