हिमाचल में हर महीने 1500 रुपये और 300 यूनिट फ्री बिजली, इस दिन से शुरू होगी सरकार की बड़ी योजना
ग्रामीण विकास विभाग ने कहा है कि, पात्र परिवार 20 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं. हर आवेदन की जांच तीन स्तरों पर होगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : August 25, 2026 at 7:36 AM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सोमवार (24 अगस्त) को सदन में एक ऐसा ऐलान हुआ जिसने राज्य के लाखों गरीब परिवारों के चेहरे पर मुस्कान ला दी. मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पष्ट शब्दों में घोषणा की कि प्रदेश सरकार 2 अक्टूबर से 'अपना परिवार सुखी परिवार' योजना की शुरुआत करने जा रही है. इस योजना के तहत दो लाख परिवारों को हर महीने 1500 रुपये की आर्थिक सहायता के साथ-साथ 300 यूनिट मुफ्त बिजली भी दी जाएगी.
इन परिवारों को 1500 रुपये और 300 यूनिट फ्री बिजली
सबसे खास बात यह है कि इनमें से 90 हजार ऐसे परिवार भी शामिल हैं जो कभी भी गरीबी रेखा के नीचे (BPL) की सूची में दर्ज नहीं हुए, लेकिन आज भी गरीबी की मार झेल रहे हैं. मुख्यमंत्री ने सदन में कहा कि जो परिवार वास्तव में गरीबी की रेखा के नीचे जीवनयापन कर रहे हैं, उन्हें राहत पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि इन दो लाख परिवारों की पहचान सावधानीपूर्वक की गई है. इनमें वे लोग भी शामिल हैं जिन्हें अब तक किसी सरकारी योजना का लाभ नहीं मिल पाया था. 2 अक्टूबर से यह योजना पूरे प्रदेश में लागू हो जाएगी.
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा, "योजना के तहत हर परिवार की महिलाओं को मासिक 1500 रुपये की नकद सहायता मिलेगी. इसके अलावा बिजली बिल में 300 यूनिट तक की मुफ्त बिजली का प्रावधान भी किया गया है, जिससे घरेलू बजट पर काफी राहत मिलने की उम्मीद है. इससे परिवारों की जीवनशैली में भी सकारात्मक बदलाव आएगा."
छूटे पात्र परिवारों के लिए आवेदन द्वार फिर खुले
प्रदेश में आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने वाली 'अपना परिवार सुखी परिवार' योजना के तहत अब अंतिम और निर्णायक चरण शुरू हो गया है. ग्रामीण विकास विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि पहले के आठ चरणों में पात्र होने के बावजूद समय की कमी या आय प्रमाण-पत्र समय पर न बन पाने के कारण चयन से बाहर रह गए परिवारों को यह आखिरी मौका मिलेगा. इस चरण के बाद चयन प्रक्रिया आगे बढ़ाने की कोई गुंजाइश नहीं रहेगी.
अपना परिवार सुखी परिवार योजना
- हिमाचल में 2 अक्टूबर से अपना परिवार सुखी परिवार योजना की शुरुआत
- दो लाख परिवारों को हर महीने 1500 रुपये और 300 यूनिट मुफ्त बिजली
- योजना का लाभ लेने के लिए पात्र परिवार 20 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
- 31 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2026 के बीच जारी आय प्रमाण-पत्र भी मान्य
- 8 चरणों में सर्वेक्षण कर ग्रामीण विकास निभाग ने चिह्नित किए परिवार
20 सितंबर तक आवेदन
ग्रामीण विकास विभाग ने 21 अगस्त को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि, पात्र परिवार 20 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदनों की जांच और अनुशंसा प्रक्रिया पूरी कर 25 सितंबर तक अंतिम सूची जारी की जाएगी. इस बार बड़ी राहत यह दी गई है कि 31 जुलाई 2025 से 31 जुलाई 2026 के बीच जारी आय प्रमाण-पत्र भी मान्य होंगे. इससे वे परिवार भी लाभ उठा सकेंगे, जिनका प्रमाण-पत्र पहले समय पर तैयार नहीं हो पाया था.
8 चरणों में सर्वेक्षण कर परिवार चिन्हित
हर आवेदन की जांच तीन स्तरों पर होगी, पहले ग्राम स्तर, फिर विकास खंड स्तर और अंत में जिला स्तर पर. केवल निर्धारित मानकों को पूरा करने वाले परिवारों की ही अंतिम सूची में जगह बनेगी. इससे पहले विभाग आठ चरणों में सर्वेक्षण कर ऐसे परिवारों को चिह्नित कर चुका है, जो आर्थिक रूप से बेहद कमजोर हैं. इन परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ उनकी मूलभूत जरूरतों को समझने के लिए संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए गए. अब इनसे मिले फीडबैक के आधार पर सरकार आगे की योजनाओं को अंतिम रूप देने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
ये भी पढ़ें: "बिके विधायकों के पैसे हो गए खत्म, इसीलिए खाली अटैची लेकर भाजपा ने विधानसभा में किया प्रदर्शन"

