ETV Bharat / state

बिहार में एक साथ 15 पुलिसकर्मी सस्पेंड, 2 दारोगा और थानाध्यक्ष भी निलंबित

ड्यूटी पर नहीं मिले दो दारोगा और 12 सिपाही, एसएसपी ने सभी को किया सस्पेंड. रिपोर्ट- रत्नेश कुमार

SSP SUSHIL KUMAR
एक्शन में एससपी सुशील कुमार (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : September 3, 2026 at 2:02 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

गया : बिहार के गया में एक साथ 14 पुलिसकर्मी सस्पेंड हुए हैं. दो दारोगा और 12 पुलिसकर्मी को गया एसएसपी सुशील कुमार ने सस्पेंड कर दिया है. वहीं जहानाबाद के कड़ौना थानाध्यक्ष को मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने निलंबित कर दिया है.

गया SSP ने लिया बड़ा एक्शन

गया में जिन 14 पुलिसकर्मी को सस्पेंड किया गया है, वे सभी ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए गए थे. मामले को एसएसपी सुशील कुमार ने गंभीरता से लिया और सभी को निलंबित कर दिया है.

क्या है पूरा मामला

एसएसपी के हवाले से बताया गया है कि गया पुलिस केंद्र में औचक जांच के दौरान कई पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं पाए गए. उनके संबंध में जानकारी ली गई, तो सामने आया कि ये अवकाश पर गए थे और निर्धारित समय पर योगदान नहीं दिया. इसके कारण यह 14 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर नहीं थे.

अनुशासित एवं सजग रहें- SSP

इस तरह की लापरवाही बरतने और ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने के बाद उन सभी को निलंबित करने की कार्रवाई हुई है. साथ ही गया एसएसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को चेताया है कि कर्तव्य के प्रति सभी अनुशासित एवं सजग रहे, अन्यथा इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी.

''ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए जाने के बाद दो पुलिस अवर निरीक्षक और 12 सिपाही सस्पेंड किए गए हैं. यह सभी अवकाश पर गए थे और लापरवाही बरतते हुए निर्धारित समय पर योगदान नहीं दिया. सभी अपनी ड्यूटी से गायब पाए गए. पुलिस केंद्र में जांच के दौरान इस तरह की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद सभी को सस्पेंड कर दिया गया है.''- सुशील कुमार, एसएसपी, गया

कड़ौना थानाध्यक्ष निलंबित

इधर, मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने पद के दुरुपयोग एवं अनुशासनहीन आचरण के आरोप को लेकर जहानाबाद जिले के कड़ौना थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया है. आरोप है कि कड़ौना थानाध्यक्ष ने जमीन विवाद के एक मामले में एक पक्ष की ओर से गया जिले के बांकेबाजार थानाध्यक्ष से अभद्र एवं अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया था. साथ ही एक पक्ष की ओर से दबाव बनाने तथा अपने पद का दुरुपयोग कर एकपक्षीय हस्तक्षेप करने का मामला कड़ौना थानाध्यक्ष के संदर्भ में सामने आया था.

VIKAS VAIBHAV
मगध रेंज के आईजी विकास वैभव (ETV Bharat)

इस मामले को लेकर गया के बांकेबाजार थानाध्यक्ष ने गया एसएसपी को पत्राचार किया था. जिसके बाद इस मामले को गया एसएसपी के द्वारा मगध रेंज के आईजी के समक्ष रखा गया और कड़ौना थानाध्यक्ष के विरुद्ध कार्रवाई के लिए अनुरोध किया गया. आईजी विकास वैभव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जहानाबाद के कड़ौना थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है.

ये भी पढ़ें :-

SHO समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित, लापरवाही के बाद वैशाली SP का बड़ा एक्शन

शराबबंदी वाले बिहार में पुलिस-माफिया साठगांठ का बड़ा खुलासा, ASI विपिन सिंह सस्पेंड