सीआईएसएफ की नई टीम तैयार: बहरोड में 1444 जवानों ने दीक्षांत समारोह में ली देशसेवा की शपथ
पिछले 55 वर्षों से सीआईएसएफ देश के महत्वपूर्ण संस्थानों को सेवाएं प्रदान कर रहा है.

Published : November 15, 2025 at 2:33 PM IST
बहरोड़: अनंतपुरा स्थित महाराणा प्रताप क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में शनिवार को सीआईएसएफ के 49वें बैच के कांस्टेबल (जीडी) बेसिक दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया. इस पासिंग आउट परेड समारोह में 1444 जवानों ने कर्तव्यनिष्ठा की शपथ ली. ये सभी जवान 24 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद पास आउट हुए.
समारोह के मुख्य अतिथि सीआईएसएफ की आईजी सोनिया नारंग रहीं. कार्यक्रम की शुरुआत में तिरंगे को सलामी देकर परेड का निरीक्षण किया गया. इस दौरान मुख्य अतिथि ने कहा कि सीआईएसएफ पिछले 55 वर्षों से देश की सेवा में लगा हुआ है और अपने अद्भुत कौशल और कार्यशैली के कारण यह देश के महत्वपूर्ण संस्थानों को सेवाएं प्रदान कर रहा है. इनमें संसद भवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सीआईएसएफ को मिली हुई है. हमारे जवान हवाई अड्डों, स्मारकों, महत्वपूर्ण सरकारी भवनों, दिल्ली मेट्रो और राष्ट्रीय धरोहरों की सुरक्षा में तैनात हैं.
सीआईएसएफ अति विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा, आंतरिक सुरक्षा और चुनावी कर्तव्यों के निष्पादन के लिए भी तैनात किया जाता है. समारोह के दौरान अदम्य साहस और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जवानों को ट्रॉफी और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया. सीआईएसएफ की आईजी सोनिया नारंग ने प्रशिक्षण पूर्ण कर पास आउट होने वाले जवानों को शपथ दिलाई और देश की सेवा में अपना योगदान देने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान जवानों ने मलखंब का प्रदर्शन किया. इसके अलावा कई हैरंत अंगेज करतब किए. इसमें दुश्मनों को परास्त करने और विपरीत परिस्थितियों में आग के गोले से निकले जैसे प्रदर्शन शामिल थे.

