ETV Bharat / state

बाड़मेर: 4 महीने से लापता 14 वर्षीय नाबालिग बालिका, विधायक भाटी ने शिव थाने का किया घेराव

14 वर्षीय नाबालिक बालिका पिछले चार माह से लापता है. विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने पीड़ित परिवार के साथ शिव थाने का घेराव किया.

विधायक रविंद्रसिंह भाटी ने किया शिव थाने का घेराव
विधायक रविंद्रसिंह भाटी ने किया शिव थाने का घेराव (ETV Bharat Barmer)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : May 6, 2026 at 4:33 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

बाड़मेर: जिले के शिव थाना इलाके में एक 14 वर्षीय नाबालिग बालिका पिछले चार महीनों से लापता है. इस मामले में पीड़ित परिवार और स्थानीय समाज में लगातार आक्रोश बढ़ रहा है. बुधवार को इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने समाज के साथ शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई. इसके बाद पीड़ित परिवार और समाज के लोगों के साथ शिव थाने का घेराव किया.

शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने इस घटना को लेकर कहा कि यह अत्यंत चिंताजनक और संवेदनशील विषय है. 14 वर्षीय नाबालिक बालिका पिछले चार महीना से लापता है. इसके बावजूद पुलिस और प्रशासन द्वारा इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. भाटी ने कहा कि इतने लंबे समय बाद भी बालिका का कोई सुराग न मिलना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है.

इसे भी पढ़ें- बाड़मेर: गिरल लिग्नाइट माइन्स के आगे चल रहे धरना प्रदर्शन में शामिल हुए विधायक भाटी, धरना स्थल पर गुजारी रात

4 महीने से लापता बै बालिका: भाटी ने कहा, “यह परिवार पिछले चार महीनों से न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है. तपती गर्मी में थाने के आगे धरने पर बैठा हुआ है, लेकिन अभी तक बालिका का कोई सुराग नहीं मिला, अगर किसी बड़े अधिकारी का पशु भी गायब हो जाता है तो पूरा प्रशासन सड़कों पर उतर आता है, लेकिन इस गरीब परिवार की बेटी चार माह से लापता है और पुलिस-प्रशासन के हाथ खाली हैं”

समर्थकों के साथ शिव थाने का घेराव: विधायक ने स्पष्ट कहा कि यह परिवार अकेला नहीं है. वे पूरे परिवार के साथ खड़े हैं और जहां भी जरूरत पड़ेगी, पहली पंक्ति में साथ देंगे. विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने प्रशासन से तत्काल गंभीरता दिखाते हुए बालिका की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है. फिलहाल शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी पीड़ित परिवार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के साथ शिव पुलिस थाने के आगे धरने पर बैठे हुए हैं. सुरक्षा के मद्देनजर थाने के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

इसे भी पढ़ें- रविंद्र सिंह भाटी बोले- राजनीतिक षड्यंत्र में दर्ज हुए थे केस, न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा