लखनऊ में नाबालिग से गैंगरेप; बर्थडे पार्टी के बहाने बहलाकर ले गए थे आरोपी, दो गिरफ्तार
परिजनों की तहरीर पर गाजीपुर कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो और गैंगरेप की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 2, 2026 at 12:54 PM IST
लखनऊ: राजधानी के इंदिरा नगर इलाके में निजी कंपनी में काम करने वाले दो युवकों पर जन्मदिन की पार्टी का लालच देकर 14 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है. वारदात को एक निजी कार्यालय के भीतर अंजाम दिया गया. विरोध करने पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से भाग निकले.
पीड़िता की आपबीती सुनकर परिजनों के होश उड़ गए. परिजनों की तहरीर पर गाजीपुर कोतवाली पुलिस ने पॉक्सो और गैंगरेप की संगीन धाराओं में केस दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को सेक्टर-25 के पास से दबोच लिया है.
पुलिस के अनुसार, यह वारदात 12 अगस्त को अंजाम दी गई थी. एक आरोपी ने किशोरी को बातों में फंसाया और दावा किया कि उसका जन्मदिन है. उसने बर्थडे पार्टी में चलने का झांसा देकर किशोरी को साथ ले लिया. रास्ते में योजना के तहत अपने सहकर्मी को भी बुला लिया. दोनों किशोरी को इंदिरा नगर स्थित एक बंद ऑफिस परिसर के भीतर ले गए.
ऑफिस के भीतर पहुंचते ही आरोपियों ने अपना असली रंग दिखाया. दोनों आरोपियों ने किशोरी को बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया. पीड़िता ने इसका विरोध किया और चीखने-चिल्लाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने मुंह दबा दिया और किसी को बताने पर बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी. वारदात के बाद दोनों आरोपी पीड़िता को लावारिस हाल में छोड़कर फरार हो गए.
किसी तरह अपने घर पहुंची 14 वर्षीय पीड़िता ने रोते हुए परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई. इसके बाद परिजन पीड़िता को लेकर गाजीपुर थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी. पुलिस ने मामले की गंभीरता और पीड़िता की उम्र को देखते हुए तत्काल भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो एक्ट के तहत सामूहिक दुष्कर्म का मुकदमा पंजीकृत कर लिया.
थाना प्रभारी गाजीपुर राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि केस दर्ज करने के बाद पुलिस टीमों ने मुखबिर तंत्र और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की. पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए सेक्टर-25 के पास से दोनों आरोपियों जो मूलत: सीतापुर के रहने वाले हैं, गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी गोमती नगर स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं.

