रांची रेलवे स्टेशन से 14 किलो गांजा बरामद, महिला सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ और फ्लाइंग टीम ने संयुक्त अभियान चलाया. जिसमें ट्रेन से गांजा की तस्करी का खुलासा हुआ है.

Published : December 18, 2025 at 1:47 PM IST
रांचीः रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और फ्लाइंग टीम की संयुक्त कार्रवाई में रांची रेलवे स्टेशन से अवैध मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़ी गई है. रेल पुलिस ने 14 किलो गांजा बरामद किया है. साथ ही एक महिला तस्कर सहित तीन को गिरफ्तार किया है.
मौर्य एक्सप्रेस में बैठे थे तस्कर
रेल पुलिस के द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी कर अनुसार कमांडेट पवन कुमार के निर्देशानुसार आरपीएफ रांची द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है. इस क्रम में ट्रेन संख्या 15027 मौर्य एक्सप्रेस के कोच संख्या S–3 की जांच की गई, जहां तीन संदिग्ध यात्री दो पुरुष और एक महिला तीन बैग के साथ बैठे मिले.
पूछताछ में तीनों ने बताया कि तीनों बैग उनके ही हैं, लेकिन उनमें रखे सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दिया. आगे पूछताछ पर एक व्यक्ति ने स्वीकार किया कि बैग में गांजा है. इसके बाद तीनों को उनके बैग सहित प्लेटफॉर्म संख्या–01 पर उतारा गया. मौके पर पहुंचे सहायक सुरक्षा आयुक्त अशोक कुमार सिंह की देखरेख में जब्त किए गए पदार्थ की डीडी टेस्ट किट से जांच की गई, जिसमें गांजा होने की पुष्टि हुई. कुल 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख रुपये आंकी गई है.
किसके पास मिला कितना गांजा
सोनी देवी के बैग से 03 पैकेट गांजा बरामद हुए, बिट्टू कुमार के बैग से 06 पैकेट गांजा मिला, प्रमोद प्रसाद सौंडिक के बैग से 05 पैकेट गांजा बरामद हुए. सभी पैकेट प्लास्टिक में लिपटे हुए थे. बरामद पदार्थ का परीक्षण DD टेस्ट किट से किया गया, जो पॉजिटिव पाया गया. जांच में गांजा होने की पुष्टि हुई. आरपीएफ ने बरामद गांजा और आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया है. गिरफ्तार तस्करों ने बताया है कि वे लोग संबलपुर से गांजा की खरीद कर मूरी स्टेशन पर उतरने की प्लानिंग किए हुए थे. मूरी से दूसरी ट्रेन पकड़कर बिहार जाने की योजना थी.
ये भी पढ़ें-
शिकंजे में ड्रग्स कारोबारी पति-पत्नी, मादक पदार्थ बेचती थी फैमली!
हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ टीम की बड़ी कार्रवाई, 11.5 लाख का गांजा बरामद
हटिया रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की दो बड़ी कार्रवाई, 30 किलो गांजा जब्त, मानव तस्करी का प्रयास विफल

