ETV Bharat / state

ऑपरेशन नार्कोस में आरपीएफ को बड़ी सफलता, हटिया रेलवे स्टेशन पर 14 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार

ट्रेन के माध्यम से गांजा की तस्करी का खुलासा हुआ है. हटिया रेलवे स्टेशन पर 14 किलो गांजा के साथ तस्कर पकड़ा गया है.

Ganja seized at Hatia station
हटिया आरपीएफ की गिरफ्त में आरोपी. (फोटो-ईटीवी भारत)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 22, 2026 at 3:31 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

रांचीः रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ऑपरेशन नार्कोस के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हटिया रेलवे स्टेशन से 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया है. मामले में एक युवक को गिरफ्तारी हुई है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है.

कमांडेंट पवन कुमार ने बताया कि आरपीएफ लगातार सतर्कता के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन कर रही है. इसी क्रम में आरपीएफ पोस्ट हटिया, फ्लाइंग टीम रांची और क्राइम ब्रांच रांची की संयुक्त टीम ने हटिया रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया.

जांच में 14 किलो गांजा बरामद

सूचना के आधार पर प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया. उसके पास एक ग्रे रंग का ट्रॉली बैग और एक काले रंग का पिट्ठू बैग था. टीम ने जब बैग की तलाशी ली तो उसमें से कुल सात पैकेटों में लगभग 14 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ. मौके पर ही डीडी किट से जांच की गई, जिसमें गांजा पाया गया.

बिहार का रहने वाला है आरोपी

पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान संदीप कुमार उर्फ चित्रंजन कुमार (उम्र 18 वर्ष), निवासी जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई. तलाशी के दौरान उसके पास से एक रेलवे टिकट भी बरामद किया गया. आरोपी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया.

जीआरपी हटिया करेगी आगे की कार्रवाई

एएससी आरपीएफ रांची के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद बरामद गांजा और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए जीआरपी हटिया के सुपुर्द कर दिया गया है. इस संबंध में जीआरपी हटिया द्वारा 21 फरवरी 2026 को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 20 (b)(ii)(B) और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है.

अभियान में इनकी भूमिका रही अहम

इस अभियान में इंस्पेक्टर समीर कर्माकर (क्राइम ब्रांच रांची), एसआई दीपक कुमार (आरपीएफ पोस्ट हटिया), एएसआई अनिल कुमार (फ्लाइंग टीम), एएसआई अभिषेक कुमार (आरपीएफ/सीआईबी), स्टाफ एसएस लिंडा और कांस्टेबल अरविंद कुमार यादव (आरपीएफ/सीआईबी) की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि रेलवे परिसरों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें-

ऑपरेशन ‘NARCOS’ में आरपीएफ को सफलता, हटिया रेलवे स्टेशन से 7.5 किलो गांजा जब्त

ऑपरेशन ‘NARCOS’ के तहत आरपीएफ रांची की बड़ी कार्रवाई, 18 किलो गांजा जब्त, दो गिरफ्तार

पलामू में पकड़ा गया गांजा तस्करी का नेटवर्क, तीन महिला समेत चार गिरफ्तार, आपस में हैं सभी रिश्तेदार