ETV Bharat / state

बाघ के हमले में 13 साल की बच्ची की मौत, दहशत में लोग

VTR के मदनपुर वनक्षेत्र से सटे निचलौल वन क्षेत्र में बाघ ने हमला किया. इसमें 13 साल की लड़की की मौत हो गई. पढ़ें खबर

TIGER ATTACK
कॉसेप्ट फोटो (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Bihar Team

Published : January 10, 2026 at 6:18 PM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

पश्चिम चंपारण (बगहा) : वाल्मीकि टाइगर रिजर्व के मदनपुर वनक्षेत्र से सटे निचलौल वन क्षेत्र में एक बाघ के हमले में 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. बाघ ने किशोरी को मारकर अपना निवाला बना लिया. यह घटना बगहा मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर, बिहार-उत्तर प्रदेश सीमा से लगे महाराजगंज जिले के सोहगीबरवा वन क्षेत्र अंतर्गत मरचहवा गांव की है.

बड़ी बहन लकड़ी लेने गई थी : मृत किशोरी की पहचान मरचहवा गांव निवासी उमेश कन्नौजिया की बेटी लचीया (उम्र लगभग 13 वर्ष) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार दोपहर लचीया अपनी बड़ी बहन के साथ खेत में गन्ना काटने गई थी. इसी दौरान बड़ी बहन अलाव के लिए लकड़ी लेने पास में चली गई. जब वह लौटी तो लचीया वहां नहीं मिली. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद बहन घर लौट आई और परिजनों को जानकारी दी.

रातभर हुई तलाश, सुबह मिला शव : परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे व टॉर्च लेकर रात में करीब दो बजे तक बच्ची की तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. शनिवार सुबह फिर से खोजबीन शुरू की गई. खेत से जंगल की ओर जाते हुए खून के धब्बे और बच्ची की चप्पल मिली. आगे बढ़ने पर जंगल के पास उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. शव के दोनों हाथ गायब थे, जिससे बाघ के हमले की पुष्टि हुई.

गांव में दहशत : घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बाघ की लगातार आवाजाही से लोग भयभीत हैं.

अधिकारियों ने क्या कहा? : मदनपुर वन क्षेत्र के रेंजर नसीम अंसारी भी मौके पर पहुंचे हुए थे. उन्होंने बताया कि ''सूचना मिलते ही वन कर्मियों की टीम के साथ पहुंचा. हालांकि यह मामला यूपी के निचलौल क्षेत्र का है. फिर भी जांच पड़ताल की जा रही है.'' वन संरक्षक सह निदेशक नेशामणी के ने बताया कि ''सूचना मिलते ही मौके पर वीटीआर की टीम को भेजा गया है, मामला यूपी का है.''