हरियाणा बोर्ड परीक्षाएं शुरू, 2 लाख 70 हजार 660 परीक्षार्थी शामिल, चेयरमैन बोले - नकल रोकने के पुख्ता इंतजाम
हरियाणा में नकल मुक्त और पारदर्शी तरीके से 12वीं बोर्ड परीक्षा का आयोजन का दावा बोर्ड के चेयरमैन की ओर से किया जा रहा है.

Published : February 25, 2026 at 7:14 PM IST
भिवानी: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं आज, 25 फरवरी 2026 से शुरू हो गई है. आज पहला पेपर अंग्रेजी कोर और अंग्रेजी इलेक्टिव संपन्न हुआ. परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से शाम 3:30 बजे तक चली.
2 लाख 70 हजार 660 परीक्षार्थी ले रहे हैं हिस्साः परीक्षा के बारे में जानकारी देते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड चेयरमैन डॉक्टर पवन कुमार ने बताया कि प्रदेश भर में कुल 2 लाख 70 हजार 660 परीक्षार्थी कक्षा 12वीं की परीक्षाओं में शामिल हो रहे हैं. ये परीक्षाएं राज्य के 1433 विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संचालित की जा रही हैं. परीक्षाएं 1 अप्रैल 2026 तक जारी रहेंगी. नकल मुक्त परीक्षा के लिए सख्त व्यवस्थाएं की गई है.
सीएम सैनी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से की बैठकः बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परीक्षाओं के सुचारू और नकल रहित संचालन के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित अधिकारियों और जिला प्रशासकों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी भी किए हैं. सीएम ने सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.
परीक्षा केंद्रों की रियल टाइम निगरानीः नकल रोकथाम के लिए बोर्ड ने पुख्ता इंतजाम किए हैं. बोर्ड चेयरमैन ने बताया कि प्रदेश स्तर पर 325 प्रभावी उड़न दस्ते (फ्लाइंग स्क्वॉड) गठित किए गए हैं, जो लगातार केंद्रों पर छापेमारी कर रहे हैं. सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से रीयल-टाइम निगरानी व्यवस्था की गई है. प्रत्येक परीक्षा केंद्र के 100 मीटर दायरे में धारा 144 लागू की गई है, जिसके तहत बिना अनुमति कोई भी व्यक्ति केंद्र के निकट नहीं पहुंच सकता है. प्रश्न पत्रों पर अल्फा न्यूमेरिक कोड अंकित किए गए हैं, ताकि पेपर लीक या गड़बड़ी की आशंका पूरी तरह समाप्त हो सके.
नकल मुक्त परीक्षा आयोजन का दावाः हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि बोर्ड ने नकल रहित और पारदर्शी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी संभावित कदम उठाए हैं. परीक्षा केंद्रों पर कोई भी चूक या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि "हमने नकल मुक्त परीक्षा के लिए पूरी तैयारी की है. सीसीटीवी निगरानी, उड़न दस्ते, सख्त धाराओं का प्रयोग और अल्फा न्यूमेरिक कोडिंग जैसी व्यवस्थाओं से परीक्षा पूरी निष्पक्षता से हो रही है. छात्रों से अपील है कि वे ईमानदारी से परीक्षा दें और अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें."

