हिमाचल में सज गया चुनावी रण, 1147 उम्मीदवार मैदान में, 10 पहले ही विजेता घोषित
हिमाचल प्रदेश में 449 वार्डों के लिए नगर निकाय चुनाव होने हैं. आज नोमिनेशन वापसी के आखिरी दिन 237 उम्मीदवारों ने नामाकंन वापस लिया.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 6, 2026 at 10:07 PM IST
शिमला: हिमाचल में शहरी निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अब अपने चरम पर पहुंच गई है. नामांकन पत्रों की वापसी की समयसीमा समाप्त होते ही चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है और मैदान में बचे उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर की स्थिति बन गई है. बुधवार को कुल 237 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस लेकर चुनावी समीकरणों को नया मोड़ दे दिया, जिसके बाद अब 439 वार्डों में 1147 प्रत्याशी जनता के समर्थन के लिए आमने-सामने हैं.
हालांकि प्रदेश में कुल 449 वार्डों के लिए चुनाव प्रस्तावित थे, लेकिन 10 वार्डों में केवल एक ही उम्मीदवार के मैदान में रहने के कारण वहां मुकाबला समाप्त हो गया और उन्हें निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया गया. इनमें नगर पंचायत करसोग के वार्ड नंबर-3 और वार्ड नंबर-1, नगर परिषद ज्वालामुखी का वार्ड नंबर-2, नगर पंचायत बंजार का वार्ड नंबर-6, नगर पंचायत रिवाल्सर का वार्ड नंबर-1, नगर पंचायत नेरवा के वार्ड नंबर 2, 3 और 4 तथा नगर पंचायत चिढ़गांव का वार्ड नंबर-2 शामिल हैं. वहीं अब शेष वार्डों में चुनावी जंग पूरी तरह सज चुकी है, जहां प्रत्याशी अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए जोर-आजमाइश में जुट गए हैं. राजनीतिक दलों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर गए हैं.
कुल 1426 ने दाखिल हुए नामांकन पत्र
17 मई को होने वाले मतदान से पहले चुनावी मैदान दिलचस्प होता जा रहा है. शुरुआत में जहां 449 वार्डों के लिए 1426 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, वहीं जांच के दौरान 32 नामांकन त्रुटियों के कारण खारिज कर दिए गए. इसके बाद 1394 उम्मीदवार मैदान में डटे थे, लेकिन 6 मई को 237 प्रत्याशियों ने नाम वापस लेकर मुकाबले को नया मोड़ दे दिया. अब हालात ये हैं कि 1147 उम्मीदवार ही चुनावी रण में बचे हैं, जो अपनी किस्मत आजमाने के लिए जनता के बीच जोर-शोर से प्रचार कर रहे हैं. खास बात यह है कि कई वार्डों में तिकोना मुकाबला बन गया है, जिससे चुनावी जंग और भी ज्यादा रोमांचक और कड़ी हो गई है.
ये भी पढ़ें: परिवार में अवैध कब्जा तो बहु भी नहीं लड़ पाएगी चुनाव, हिमाचल में बदला नियम

